छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश और ओलों ने कम किए गर्मी के तेवर; रेड, येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
ओलावृष्टि ने पूरी सड़क को सफेद चादर की तरह ढक दिया। ओलावृष्टि, बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। कुछ और जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही रेड, येलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किए गए हैं।

छत्तीसगढ़ में मौसम ने करवट ली है। आसमान पर काले बदल छाए हुए है। भीषण गर्मी के बीच बेमेतरा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, कोरबा और कवर्धा जिले में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई और ओले भी गिरे। ओलावृष्टि ने पूरी सड़क को सफेद चादर की तरह ढक दिया। ओलावृष्टि, बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है। कुछ और जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
बारिश और ओलावृष्टि से गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले के तापमान में 5 से 8 डिग्री की गिरावट आई है। कोरबा जिले में भी तेज आंधी तूफान के बाद झमाझम बारिश हो रही। ओले भी गिर रहे है। कई जगह तेज आंधी के चलते बिजली बंद हो गई है। कवर्धा में भी ओलावृष्टि हुई है। तापमान 43 से 37 डिग्री पहुंचा गया है।
मौसम विभाग ने दोपहर को कवर्धा और बेमेतरा जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। कवर्धा जिले में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश और ओलावृष्टि ने गर्मी से लोगों को बड़ी राहत दी है। बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। यहां अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, वहीं अब यह गिरकर 38 डिग्री पर पहुंच गया है। वहीं बारिश और तेज हवाओं के कारण वनांचल क्षेत्र के दो दर्जनों से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। गौरेला-पेंड्रा की सड़कों पर भी बर्फ की चादर बिछ गई है।
रंग बिरंगी चेतावनियां हुईं जारी
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के बेमेतरा, कबीरधाम, बिलासपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, मुंगेली, सूरजपुर, कोरिया, सरगुजा, कोरिया, बलरामपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद जिले में अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट दोपहर शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक के लिए जारी किया गया है। कुछ जिलों में रेड अलर्ट भी है। कुछ जिलों में यलो और ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि मौसम में आए बदलाव से प्रदेश में अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस और ट्रफ का प्रभाव
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में द्रोणिका के रूप में 77 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में स्थित है। इसके साथ ही एक उत्तर-दक्षिण दिशा में विस्तारित द्रोणिका विदर्भ से लेकर मन्नार की खाड़ी तक लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है। इसके अलावा एक अन्य निम्न दाब की द्रोणिका उत्तर प्रदेश से बांगलादेश तक लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव हो रहा है।
मध्यम से भारी बारिश की संभावना
पिछले 24 घंटों में एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई। वहीं कही कही मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.1°C जगदलपुर में रिकार्ड किया गया। रायपुर में सोमवार की शाम हल्की बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम में आए इस बदलाव से अधिकतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभावित है।
रिपोर्ट - संदीप दीवान
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।