Hindi Newsबिहार न्यूज़Wedding procession vehicle fell into canal 4 including husband wife died

बारात की गाड़ी नहर में गिरी, पति-पत्नी समेत 4 लोगों की मौत, शादी वाले घर में मातम

अरवल जिले के कामता से पटना के दानापुर जा रही बारात की एक गाड़ी सोन नहर में गिर गई। एक ही परिवार के तीन समेत चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पति-पत्नी और उसकी एक मासूम बच्ची शामिल है।

Jayesh Jetawat हिन्दुस्तान, अरवलThu, 28 Nov 2024 10:18 PM
share Share
Follow Us on
बारात की गाड़ी नहर में गिरी, पति-पत्नी समेत 4 लोगों की मौत, शादी वाले घर में मातम

बिहार के अरवल जिले में गुरुवार देर शाम बारात की एक गाड़ी सोन नहर में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग घायल हैं। मरने वालों में पति-पत्नी समेत एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं, वे बोधगया के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि बारात कामता से पटना के दानापुर जा रही थी। हादसा अरवल सदर थाना इलाके में प्रसादी इंग्लिश पुल के पास हुआ। इस हादसे के बाद शादी वाले घर में मातम छा गया।

मृतकों की पहचान गया जिले के बोधगया के बकरौर गांव निवासी परमानंद कुमार (30), उनकी पत्नी सोनी कुमारी (22), एक वर्षीय बच्ची तन्नु कुमारी एवं अरवल जिले के महेंदिया थाना के कामता गांव निवासी प्रियंका कुमारी (28) के रूप में हुई। घायलों में बिथरा गांव निवासी नवनीत कुमार (20), उनकी मां बैजयंती देवी (45) एवं सविता देवी (30) शामिल हैं। हादसे के बाद घायलों को इलाज के लिए अरवल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां लोगों की भीड़ उमड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार अरवल जिले के कामता गांव निवासी विरेंद्र महतो के बेटे रविप्रकाश की शादी थी। कामता से बारात दानापुर जा रही थी। मृतक परमानंद कुमार अपने मौसेरा साला की शादी में शामिल होने आए थे। सभी परिवार एक ही कार से दानापुर जा रहे थे। इसी दौरान प्रसादी इंग्लिश नहर मोड़ के समीप कार अनियंत्रित होकर सोन नहर में गिर गई।

ये भी पढ़ें:अरवल में स्कूल वैन से भिड़ी कार, छुट्टी के बाद घर जा रहे कई बच्चे घायल

हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। घटना की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से क्रेन के सहारे दुर्घटनाग्रस्त कार को नहर से निकाला। इसके बाद तत्काल सभी लोगों को सदर अस्पताल में लाया गया, जहां चिकित्सकों के द्वारा चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।

जैसे ही हादसे की सूचना मिली, बारात में जा रहे लोग वापस लौटने लगे और धीरे-धीरे अस्पताल में भीड़ जमा हो गई। घायल नवनीत कुमार ने बताया कि उसकी बहन सोनी कुमारी और बहनोई परमानंद कुमार उसके मौसेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए आए थे। सभी लोग हंसी-खुशी के साथ बारात जा रहे थे। हादसे के बाद खुशी का मौहाल मातम में बदल गया।

इस संबंध में एसडीपीओ कीर्ति कमल ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। तीन लोगों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है। सभी घायल खतरे से बाहर हैं। शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया की जा रही है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें