Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Bihar Flood in Nalanda dam break at 6 places rivers overflowing in begusarai Jahacabad

Bihar Flood: नालंदा में 6 स्थानों पर तटबंध टूटा; बेगूसराय, जहानाबाद समेत कई जिलों में नदियां उफान पर

बेगूसराय के बलिया के दियारा इलाके में गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि शुरू हो गयी है। इससे गंगा किनारे के गांवों के समीप कटाव भी तेजी से जारी है। नालंदा में छह स्थानों पर तटबंध टूट गया है।

Sudhir Kumar हिन्दुस्तान, पटनाMon, 5 Aug 2024 03:21 AM
share Share

बिहार में एक ओर सुखाड़ तो दूसरी ओर बाढ़ की स्थिति बन रही है। नालंदा के लोकाइन नदी समेत कई जिलों की नदियां उफान पर हैं। अक्टूबर 2021 के तीन साल बाद पहली बार बारिश से नालंदा जिले की  नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। शनिवार की रात करीब तीन बजे जिले के पश्चिमी क्षेत्र से होकर गुजरने वाली फल्गु नदी की शाखा लोकाइन नदी उफान पर पहुंच गयी है।

नदी में पहली बार ही पानी की धार बहने के कारण एकंगरसराय प्रखंड के मंडाछ एवं नवगढ़, हिलसा के सोहरा पुल के पास धुरी बिगहा एवं गोसाइपुर तथा करायपरसुराय के मुसाढ़ी एवं अकबरपुर (बेरथू) के पास तटबंध टूट गये हैं। तीन प्रखंडों के दो दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ से काफी तबाही मची है। खेतों में तेजी से पानी फैल रहा है। करीब 100 एकड़ में लगी धान फसल और बिचड़े डूब गये हैं।

वहीं जहानाबाद के घोसी में फल्गु नदी में वर्ष 2016 के बाद इतना अधिक पानी आया। नदी उफनाई तो मोदनगंज प्रखंड के मंडई, भतु विगहा, बराड़ी, मिर्जापुर समेत कई इलाकों के वधार में बाढ़ का पानी घुस गया। वहीं मिर्जापुर- वरक्षी विगहा जाने वाला मुख्य ग्रामीण सड़क दो जगह पर पानी के तेज बहाव में बह गया। जिसके कारण इन दो गांवों का संपर्क भंग हो गया है।

बेगूसराय के बलिया के दियारा इलाके में अगस्त महीना आते ही गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि शुरू हो गयी है। इससे गंगा किनारे के गांवों के समीप कटाव भी तेजी से जारी है। गंगा के जलस्तर में करीब 10 सेंटीमीटर प्रति घंटा की वृद्धि आंकी जा रही है। शुक्रवार एवं शनिवार को जलस्तर वृद्धि देखी गयी है।

निरंजना नदी ने विकराल रूप दिखाया

वहीं गया में नौ साल बाद मुहाने और निरंजना नदी ने विकराल रूप दिखाया। झारखंड के चतरा से निकलने वाली मुहाने और निरंजना नदी में अचानक आई बाढ़ ने बोधगया के आसपास के दर्जनों गांवों में तबाही मचा दी। मुहाने और निरंजना में आई बाढ़ के कारण फल्गु नदी भी उफान पर है। मुहाने नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद बोधगया के आधा दर्जन से ज्यादा गांवों में पानी घुस गया।

सूबे के आठ जिलों में आज बारिश की चेतावनी

बिहार के आठ जिलों में सोमवार को भारी बारिश की संभावना है। वहीं उत्तर बिहार के एक-दो स्थानों पर गरज व तड़क के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को राज्य के उत्तर-पूर्व के भाग के जिलों में भारी बारिश हुई। वहीं पश्चिमी चंपारण, शिवहर और नवादा को छोड़कर अन्य जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। पटना सहित प्रदेश के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें