बदमाशों ने किसान को मारी गोलियां, स्थिति गंभीर
गोली लगने के बाद करीब 100 मीटर दूरी तक दौड़कर भागता रहा जख्मी... सदरिया थान के समीप मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने 35 वर्षीय राजेश यादव को गोली मा

बेगूसराय, निज प्रतिनिधि। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़ी सांख गांव के सदरिया थान के समीप मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने 35 वर्षीय राजेश यादव को गोली मार कर जख्मी कर दिया। उन्हें बांये कंधे के समीप दो गोलियां लगी है। वह सांख पंचायत के बड़ी सांख गांव निवासी उचित यादव का पुत्र है। घटना को अंजाम देकर बदमाश भाग निकला। गोली लगने के बाद खून से लथपथ हालत में जख्मी दौड़ते हुए सांख चौक तक आया। उसके कंधे के नीचे से मांस का लुथरा लटक रहा था। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए शहर के एक निजी निजी क्लीनिक कल्पना नर्सिंग होम में भर्ती कराया जहां उनका इलाज चल रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि राजेश पपीता उत्पादक किसान है। प्रत्येक दिन की तरह वह मंगलवार को भी पपीते के खेत में पपीता तोड़ रहा था। इसी दौरान बदमाश आये व ताबड़तोड़ दो गोलियां मारकर भाग निकले। गोली लगने के बाद हल्ला करते हुए वह 100 मीटर तक दौड़कर भागता रहा। कंधे के नीचे लटकते हुए मांस को टुकड़ा रहा। घटना का कारण पत्नी के साथ विवाद बताया जा रहा है। इसमें दोनों तरफ से पंचायती भी हो चुकी है। ससुराल वालों की ओर से राजेश के खिलाफ मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। हालांकि जख्मी के होश आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस घटना के पीछे पति-पत्नी का विवाद या कोई अन्य कारण है। यह पुलिस अनुसंधान के बाद ही स्पष्ट होगा। डॉ. अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि मरीज की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। हालांकि बचाने का भरपूर प्रयास किया जा रहा है। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि मामलेक जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।