हनी सिंह के गाने बहुत अश्लील हैं, रोक लगाएं मिलॉड; पटना HC में नीतू चंद्रा की याचिका
- नीतू चंद्रा ने कहा है कि गाने में भोजपुरी भाषा के शब्दों का उपयोग कर महिलाओं का बहुत खराब चित्रण किया गया है। महिलाओं के लिए अपशब्दों का खुलेआम इस्तेमाल भोजपुरी गानों में किया जा रहा है। इन पर न तो कोई रोक है और न ही किसी तरह का दिशा-निर्देश ही जारी किया गया।

फिल्म अभिनेत्री नीतू चंद्रा ने पटना हाईकोर्ट में एक लोकहित याचिका दायर कर अश्लील गानों पर रोक लगाने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने यो यो हनी सिंह के गाने मैनिएक को लेकर यह अर्जी दायर की है। इसमें कहा है कि गाने में काफी अश्लीलता है। इसमें औरतों का अश्लील ढंग से चित्रण किया गया है। दुभाषिये शब्दों से इस्तेमाल किये जाने से गानों में अश्लीलता और अधिक बढ़ गई है।
अभिनेत्री नीतू चंद्रा की ओर से अधिवक्ता शशि, शशांक शेखर, आर्या अचिंत, अश्मिता भारती ने वरीय अधिवक्ता निवेदिता निर्विकार की देखरेख में अर्जी दाखिल की है। इसमें आरोप लगाया गया है कि ऐसे गानों का बच्चों, महिलाओं व समाज के अन्य सभी वर्गों पर बुरा प्रभाव पड़ता है। भोजपुरी भाषा के शब्दों का उपयोग कर महिलाओं का बहुत खराब चित्रण किया गया है। महिलाओं के लिए अपशब्दों का खुलेआम इस्तेमाल भोजपुरी गानों में किया जा रहा है। इन पर न तो कोई रोक है और न ही किसी तरह का दिशा-निर्देश ही जारी किया गया।
जनहित याचिका में कहा गया है कि संविधान के मूलभूत अधिकारों में बोलने और अपनी भावनाओं को व्यक्त करने का अधिकार है। लेकिन इसकी एक सीमा है। इसका उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने का प्रावधान है। इन्हें सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। मामले पर 7 मार्च को सुनवाई की संभावना है।