यूपी में विधवाएं बनाने जा रहीं अनूठा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड, योगी सरकार होली पर जमाएगी खास रंग
यूपी में सैकड़ों विधवाएं इस बार होली पर अनूठा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने जा रही हैं। योगी सरकार इसके लिए वृंदावन में खास आयोजन कर रही है।

उल्लास-उमंग और रंगों का पर्व होली इस बार वृंदावन में एक अलग आभा में सराबोर दिखेगा। योगी सरकार की पहल पर यहां 2000 से अधिक विधवाएं एक साथ होली खेलकर एक अनूठा रिकॉर्ड बनाने जा रही हैं। सब कुछ सही रहा तो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में यह दर्ज होगा। मथुरा-वृंदावन की होली तो वैसे भी विश्व प्रसिद्ध है। मगर इस बार यहां की होली केवल आनंद ही नहीं सामाजिक सौहार्द, सांस्कृतिक समरसता एवं सामाजिक परिवर्तन के सम्मानित क्षण बनकर विश्व रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने जा रही है।
सरकार की तरफ से इसके बारे में कहा गया है कि योगी सरकार के प्रयासों से यहां 2000 से अधिक विधवाएं एक साथ होली खेलकर एक अनूठा रिकॉर्ड बनाएंगी। वृंदावन के सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग होली पर 'विधवाओं की होली-2025' के तौर पर एक भव्य आयोजन कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करेगा।
कहा गया है कि इस बार होली का त्योहार न केवल विधवाओं की बेरंग जिंदगी में खुशियों का रंग घोलने का माध्यम बनेगा बल्कि इतिहास व विश्व रिकॉर्ड में दर्ज होने के साथ ही समाज में सशक्त संदेश देने का माध्यम भी बनेगा। 'विधवाओं की होली' एक अनूठा सांस्कृतिक उत्सव है। परंपरागत रूप से, भारत में विधवाओं से होली जैसे त्योहारों सहित संसारिक सुखों को त्यागने की अपेक्षा की जाती थी, लेकिन भगवान कृष्ण के दिव्य प्रेम से जुड़े शहर वृंदावन में यह एक क्रांतिकारी बदलाव के तौर पर देखा जाता है।
हर साल वृंदावन के विभिन्न आश्रमों से हजारों विधवाएं होली पर खुद को जीवंत रंगों, संगीत और भक्ति में सराबोर कर लेती हैं। योजना के अनुसार, इस समारोह में पारंपरिक लोक गायन, लोक नृत्य, भक्ति गीत जैसी प्रस्तुतियां भी होंगी। आयोजन में ऑर्गेनिक रंगों का इस्तेमाल होगा तथा इसमें अंतर्राष्ट्रीय गणमान्य व्यक्तियों, मीडिया तथा भक्तों की भागीदारी होगी। इस आयोजन को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए एक विशिष्ट टीम के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्यक्रम में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के पदाधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा। इससे उन्हें विभिन्न पहलुओं की विवेचना समेत प्रमाणन प्रक्रिया को पूरा करने में भी आसानी होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।