लोगों के तानों ने किया इरादे को मजबूत
Varanasi News - वाराणसी की पूजा यादव ने भारतीय हॉकी टीम में जगह बनाई है। उन्होंने समाज की परवाह किए बिना लड़कों के साथ खेलना जारी रखा। पूजा के माता-पिता ने उनकी मेहनत और सपनों को प्रोत्साहित किया। अब पूजा उन सभी के...

वाराणसी, वरिष्ठ संवाददाता। बिटिया जब हाथों में स्टिक ले जब घर की चौखट लांघती थी तो कई निगाहें उसे अजीब तरह से देखती थी। लोग बाग यह कहते सुनाई पड़ते की इतनी छूट ठीक नहीं है। बेटियों का एक दायरा होता है। उसे लांघ लड़कों के साथ खेलना उचित नहीं है। हमने इसकी परवाह नहीं की और पूजा को अपना अभ्यास पूरी तन्मयता के साथ जारी रखने को कहा। उसने हमारी सलाह को मूलमंत्र मान लिया। जिसका प्रतिफल है कि वह नीली जर्सी में हॉकी स्टिक के साथ भारत के लिए खेलती नजर आएगी।
यह कहना है कि पूजा की मां कलावती देवी और पिता महेंद्र यादव का, जो पूजा के भारतीय हॉकी टीम में चयन पर फूले नहीं समा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तानों ने पूजा के इरादों को मजबूत कर दिया और उसने सपना बना लिया कि एक दिन वह भारत के लिए जरूर खेलेगी। सपना पूरा हुआ और बिटिया उन्हीं ताना देने वालों की लाडली बन गई। पिता ने बताया कि हम बहुत गरीब हैं। बेटी की प्रतिभा देख कोच घनश्याम चोटी वाला उसे लड़कों के साथ गंगापुर में अभ्यास करने लगे। कुछ समय बाद बीएचयू के कोच ने उसको आगे की राह दिखाई। लखनऊ के साई सेंटर ने पूजा को ऊंची उड़ान के लिए तैयार किया। वहीं, हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ एके सिंह और सचिव केबी रावत ने मंगलवार को भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल पूजा यादव की मां कलावती देवी और पिता महेंद्र यादव को साफा बांधकर और शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।