Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़उन्नावFlood Crisis in Unnao Rising Ganges Disrupts Life and Agriculture

बाढ़ से घिरे 14 गांव, कटान से चार गांव का वजूद खतरे में

उन्नाव में गंगा का जलस्तर बढ़ने से चार तहसीलों के 14 गांव बाढ़ से घिरे हैं। सड़कें डूब गई हैं और गांवों की बिजली काट दी गई है। लोग पलायन कर रहे हैं, जबकि प्रशासनिक इंतजाम नाकाफी हैं। किसानों की फसलें...

Newswrap हिन्दुस्तान, उन्नावWed, 18 Sep 2024 07:15 PM
share Share

उन्नाव, संवाददाता। बुधवार को एकाएक गंगा का जलस्तर बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हो गया। बाढ़ का पानी खेतों में होते हुए गांव तक पहुंच गया है। तहसील से गांव को जोड़ने वाली सड़कें पानी में डूब चुकी हैं। चार तहसीलों सदर, बांगरमऊ, सफीपुर व बीघापुर के 14 से अधिक गांव पानी से घिर गए हैं। गंजमुरादाबाद ब्लाक क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों की बिजली काट दी गई है। जबकि गंजमुरादाबाद से बांगरमऊ तहसील को जाने वाले सम्पर्क मार्ग कटने से चार गांवों की आठ हजार आबादी संकट में घिरी दिखाई दे रही। यहां के लोग पलायन को मजबूर है। ऐसे में उनके भविष्य या वजूद पर भी खतरा मंडराने लगा है। यहां जिला प्रशासन की तरफ से किए इंतजाम भी नाकाफ़ी नजर आ रहे हैं। आलम यह है कि जिन मार्गों का कटान शुरू है, वहां सम्बंधित अफसरों ने मौका मुआयना भी शुरू नहीं किया है।

पिछले कई दिनों से गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंजमुरादाबाद के अलावा कई कटरी इलाक़ो में संपर्क मार्ग बहाव में कट गए हैं। मंगलवार रात भर बरसे बदरा ने और परेशानियां बढ़ा दी। गंजमुरादाबाद से तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाला मार्ग तेज बहाव में कटा तो नया पुरवा, मल्हन, भिखार पुरवा, कुशाल पुरवा का सम्पर्क तहसील मुख्यालय से टूट गया। इन चार गांवों में निवास करने वाली करीब आठ हजार आबादी जैसे- तैसे सफर तय कर रही है। नांव का सहारा लेकर नौकरी-पेशे पर लोग सुबह निकलते हैं। कई परिवारों ने तो अपने रिश्तेदारों के यहां गांव से पलायन कर बाढ़ कम होने तक डेरा जमा लिया है। इधर, बांगरमऊ के गहरपुरवा,भगवंत पुरवा,बगिया, रतईपुरवा, कुंशी, भुड्डा,मेला आलम शाह,खैरुद्दीनपुर, सेतुवाही, अलौलापुर, गढ़ेवा, मितान पुरवा में भी परेशानियां बढ़ती जा रही। हालांकि तहसील अफ़सरो का दावा है कि बाढ़ प्रभावित गांवों पर नजर रखी जा रही है। जिले में जलस्तर बढ़ने पर तत्काल एक दर्जन के करीब नावों और बाढ़ राहत केंद्र भी स्थापित करने की योजना पर काम शुरू है।

अधूरे इंतजाम के बीच जलस्तर बढा तो डूबेंगे इलाक

सदर तहसील क्षेत्र के गांव देवीपुरवा, लालतुपुरवा, पनपथा, दनुकुखेड़ा, गंगादीनखेड़ा, टपरा, महानंदपुरवा, कोलवा, बाबूबंगला, चंडी बंगला, बरधना, महानंदपुरवा व अतरी गांव पूरी तरह से पानी से घिर गए हैं। हालांकि यहां कई गावों में आबादी तक पानी नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का कहना कि प्रशासनिक इन्तिजाम अभी नाकाफ़ी नजर आते हैं। ऐसे में गर जलस्तर बढ़ेगा तो दुश्वारियों को बाढ़ आनी तय है। ग्रामीण यह भी बताते हैं की बाबू बंगला, पनपथा व लल्लतुपुरवा में कई गर्भवती महिलाएं है जिनके प्रसव का समय नजदीक है। इनके सामने अस्पताल पहुंचने की समस्या है। कहीं पानी भरा है, तो कही मार्ग गड्ढों में तब्दील है। आने वाले दिनों में जलस्तर बढ़ने पर कटान भी तेजी से शुरू होगा। जिससे बाढ़ क्षेत्र में घिरे इन गांवों में लोग जुकाम, बुखार, उल्टी, दस्त व आई फ्लू के मरीजों का भी बढ़ना शुरू हो जाएगा। इसके बाद भी क्षेत्र में स्वास्थ्य के अलावा समस्त प्रशासनिक इंतजाम कुछ ठीक ठाक नहीं है। जिम्मेदारी लेखपाल व अन्य सर्वे कर रिपोर्ट तैयार करने तक सीमित है।

मक्का, करेला की फसल बर्बाद,.. मायूस किसान

कटरी क्षेत्र की धान, मक्का, करेला, मिर्च, टिंडा आदि हरी सब्जियां सड़क नष्ट हो गई हैं। कई इलाकों में लगाई गई धान की फसल पर भी संकट के बादल है। डूबने से इसके पैदावार पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। किसानों का कहना है कि बाढ़ ने आर्थिक मार भी देनी शुरू कर दी है।

एसडीएम ने बाढ़ से घिरे गांवों का भ्रमण कर जायजा लिया

बारासगवर। बीघापुर एसडीएम रणवीर सिंह बुधवार सुबह 10 बजे बाढ़ ग्रस्त इलाक़ो में भ्रमण करने के लिए निकले। दूलीखेड़ा व लाल खेड़ा के मजरा मंझा, धरमपुर, शंभू का पुरवा, भगाने का पुरवा, टेढ़वा, जगनू का पुरवा समेत आदि बाढ़ ग्रसित ग्रामीण इलाकों का निरीक्षण किया। यहां के ग्राम प्रधानों से जानकारी भी ली। एसडीएम से ग्रामीणों ने बताया कि धरमपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में पानी भर जाने से शिक्षा प्रभावित हो रही है, वही बाढ़ की चपेट में आने से सैकड़ो बीघा तिल्ली, मूंग, उड़द की फसल डूब जाने से नुकसान हुआ है। एसडीएम ने तहसीलदार अरसला नाज से समस्या के संबंध में बातचीत कर लेखपाल, कानूनगो से गंगा के जलस्तर पर निरंतर नजर रखने के निर्देश दिए। हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें