Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Flood hits again in bihar many districts facing problems including patna vaishali Bhagalpur

बिहार पर फिर बाढ़ की आफत; पटना, वैशाली, भागलपुर, छपरा समेत कई जिलों में भारी तबाही

ज्यादा तबाही सारण में है, जहां गंगा और घाघरा का जलस्तर बढ़ने से शहर में भी पानी घुस गया है। यूपी सीमा के पास मांझी-बैरिया के बीच एनएच 31 की सड़क ध्वस्त हो गई। इससे सारण का यूपी से सड़क संपर्क टूट गया। जेपी की जन्मस्थली सिताबदियारा व भिखारी ठाकुर के गांव कुतुबपुर का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया।

Sudhir Kumar हिन्दुस्तानFri, 20 Sep 2024 03:51 AM
share Share

बिहार में गंगा, घाघरा (सरयू), गंडक, पुनपुन समेत करीब आधा दर्जन नदियों में उफान की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) समेत कई मुख्य सड़कों पर पानी चढ़ गया है। कई स्थानों पर रेल लाइन पर बाढ़ का खतरा है। इससे पटना, सारण, भोजपुर, बक्सर, वैशाली और भागलपुर समेत कई जिलों में आवागमन पर असर पड़ा है।

पटना के कई घाट डूबे

पटना में दीघा घाट, गांधी घाट, हाथीदह में गंगा नदी लाल निशान से ऊपर बह रही है। जिले में गंगा का पानी तीन जगहों अथमलगोला के समीप सबनीमा, बरहपुर बिंद टोली और बख्तियारपुर के रानीसराय में एनएच 31 पर बह रहा है। इधर, जिले के सात अंचलों के दियारा क्षेत्र में बाढ़ का पानी फैल गया है। अथमलगोला की रामनगर दियारा में 500 परिवार बाढ़ से प्रभावित हैं।

छपरा में अधिक तबाही

सूबे में ज्यादा तबाही सारण में है, जहां गंगा और घाघरा का जलस्तर बढ़ने से शहर में भी पानी घुस गया है। गुरुवार को यूपी सीमा के पास मांझी-बैरिया के बीच एनएच 31 की सड़क ध्वस्त हो गई। इससे सारण का यूपी से सड़क संपर्क टूट गया। जेपी की जन्मस्थली सिताबदियारा व भिखारी ठाकुर के गांव कुतुबपुर का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया। वैशाली के 5 प्रखंड गंगा-गंडक से प्रभावित हैं। लोग पलायन कर रहे हैं। भागलपुर और मुंगेर के शहरी क्षेत्र में भी गंगा का पानी घुस गया है।

ये भी पढ़े:छपरा में बाढ़ के पानी से मंदिर की दीवार गिरी, मलबे में दबकर दो बच्चों की मौत

चार नदियों का जलस्तर रिकॉर्ड स्तर पर

गंगा के अलावा गंडक, बूढ़ी गंडक व पुनपुन का जलस्तर गुरुवार (19 सितंबर) को कई जगहों पर इस साल के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। गंगा पटना के दीघा, गांधीघाट व हाथीदह के साथ-साथ मुंगेर में इस साल के रिकार्ड जलस्तर पर है।

नालंदा में 700 बीघे में लगी फसल डूब गई

नदियों में उफान से पांच प्रखंडों की 700 बीघे में लगी फसल डूब गई हैं। सर्वाधिक क्षति करायपरसुराय प्रखंड की मकरौता पंचायत में हुई है। घरों में पानी घुस गया है। जिला प्रशासन शिविरों में लोगों को भोजन करा रहा है। गंगा में आठ वर्षों में सर्वाधिक उफान से भोजपुर के पांच प्रखंडों के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। आरा सदर, बिहिया और कोईलवर के कुछ गांव में भी बाढ़ का पानी फैल गया है। 153 स्कूलों को बंद किया गया है। बक्सर में गंगा का पानी पांच प्रखंडों के गांवों में फैल गया।

छपरा मंदिर की दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत

शहर के टाउन थाना क्षेत्र के साहेबगंज सोनार पट्टी पुलिस अड्डा नंबर दो के पास कठिया बाबा के मंदिर की कमजोर दीवार बाढ़ के पानी में गिरने से दबकर दो बच्चों की मौत हो गई। एक घायल बच्ची को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृत बच्चों में स्वर्गीय अजय महतो के आठ वर्षीय पुत्र धनराज कुमार व बनियापुर के खाकी मठिया गांव की 12 वर्षीया रंभा कुमारी हैं। घायल 10 वर्षीय रागिनी है। रंभा व रागिनी अपने रिश्तेदार के यहां आई थीं। गुरुवार शाम सभी बच्चे मंदिर के पास खेलकूद रहे थे। इस बीच मंदिर की दीवार अचानक गिर गयी। कुछ बच्चों के मलबे में दबे होने की चर्चा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें