Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़UP Lok Sabha Elections 2024 INDI Alliance SP Congress Priyanka Gandhi Dimple Yadav Road Show For Ajay Rai

लोकसभा चुनाव: वाराणसी में आज प्रियंका गांधी-डिंपल यादव का रोड शो, अजय राय के समर्थन में एकजुट

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व सपा सांसद डिंपल यादव आज वाराणसी में रोड शो करेंगी। इंडिया गठबंधन की दोनों बड़ी स्टार प्रचारक कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के समर्थन में रोड शो कर वोट अपील करेंगीं।

Srishti Kunj हिन्दुस्तान टीम, वाराणसीSat, 25 May 2024 04:59 AM
share Share

इंडिया गठबंधन के दो बड़े स्टार प्रचारक शनिवार को वाराणसी में रोड शो करेंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी व सपा सांसद डिंपल यादव एक साथ कांग्रेस प्रत्याशी अजय राय के समर्थन में रोड शो करेंगीं। डिंपल यादव व प्रियंका गांधी का यह रोड शो शाम चार बजे रविदास मंदिर वाराणसी से शुरू होकर बीएचयू गेट मालवीय प्रतिमा पहुंचेगा। इसके बाद यहां से दुर्गामंदिर दुर्गाकुंड पहुंच कर खत्म होगा। रोड शो से पहले प्रियंका व डिंपल यादव का काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने जाने का भी कार्यक्रम है। इससे पहले प्रियंका गांधी शनिवार को ही गोरखपुर में सपा प्रत्याशी काजल निषाद के समर्थन में रैली करेंगी।

प्रियंका-डिंपल ने लगाई पूरी ताकत
इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय के पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए प्रियंका गांधी और डिंपल यादव शनिवार को शहर में रोड शो करेंगी। शाम 4.30 बजे दुर्गाकुंड स्थित दुर्गा मंदिर से शुरू होकर रोड शो मालवीय प्रतिमा होते हुए सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर तक जाएगा। रोड शो के रास्ते में 20 प्वाइंट पर स्वागत होगा। कार्यक्रम की सफलता के लिए सपा और कांग्रेस सहित गठबंधन के सभी दलों ने साझा रणनीति बनाई है। तय कार्यक्रम के मुताबिक दोनों शीर्ष नेत्रियां शाम चार बजे बाबा विश्वनाथ का दर्शन करेंगी। 

हालांकि प्रियंका गांधी के दर्शन को लेकर संशय अभी बरकरार है। शाम 4.30 बजे से प्रियंका और डिंपल दुर्गामंदिर में दर्शन-पूजन के साथ रोड शो की शुरुआत करेंगी। मानस मंदिर, संकटमोचन रोड, रविदास चौराहा, मालवीय चौराहा के बाद ट्रामा सेंटर रोड, भगवानपुर, छित्तूपुर होते हुए सीरगोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ कार्यक्रम संपन्न होगा।

सपा के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने शुक्रवार को रूट निरीक्षण के साथ 20 प्वाइंट पर दोनों पार्टियों के नेताओं, कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और स्वागत की तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने नेताओं के साथ सभी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं को रोड शो में जुटने का आह्वान किया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें