भाजपा ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर निकाली तिरंगा यात्रा
Sonbhadra News - सोनभद्र में शनिवार को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सेना के शौर्य को सलाम करने के लिए विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल के नेतृत्व में हुई इस यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए।...
सोनभद्र, संवाददाता। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता और भारतीय सेना के शौर्य को सलाम करने के लिए शनिवार को राबर्ट्सगंज विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल ने किया। तिरंगा यात्रा सिविल लाइन्स रोड स्थित एक होटल कैंपस से बढ़ौली चौक होते हुए शीतला मंदिर तक निकाली गई। सैकड़ों की संख्या में एकत्र हुए लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिंदुस्तान जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद, भारत माता की जय, भारतीय सेना की जय के गगनभेदी नारे लगाए। साथ में चल रहे डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों ने वातावरण में देश प्रेम के प्रति उत्साह व जोश को दुगुना कर दिया।
यात्रा में शामिल लोगों ने कर्नल सोफिया कुरैशी व विंग कमांडर व्योमिका सिंह की तस्वीर लेकर भारत की इन बहादुर बेटियों को दुश्मन को सबक सिखाने में अहम भूमिका निभाने पर धन्यवाद दिया। लोगों ने कहा कि हिंदुस्तान की इन बहादुर बेटियों पर देश को गर्व है। मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि हमारे भारतीय सेना के वीर रणबांकुरों ने पाकिस्तान के दांत खट्टे कर दिए। आपरेशन सिंदूर में भारत की सेना के शौर्य को पूरी दुनिया देख चुकी है। राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि आपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने न केवल वीरता का प्रदर्शन किया बल्कि यह भी स्पष्ट किया संदेश दिया कि नया भारत आतंकवाद का जवाब उसी की भाषा में देने मे सक्षम है। भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल ने कहा कि पीएम मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि आतंक और बातचीत एक साथ नही चल सकते। उन्होने कहा यह तिरंगा यात्रा भारतीय सेना के प्रति आभार प्रकट करने के लिए निकाली गई है। इस मौके पर जिला प्रभारी अनिल सिंह, अनिल कुमार मौर्या, रमेश मिश्रा, नरेन्द्र कुशवाहा, अजीत रावत, जगदीश पटेल, शारदा खरवार, रामनरेश पासवान, अशोक मिश्रा, ओमकार केशरी, अजीत चौबे, अमरेश पटेल, कुसुम शर्मा, प्रसन्न पटेल, अनूप तिवारी, रमेश पटेल, रामसुन्दर निषाद, अमरनाथ पटेल, ओमप्रकाश दूबे, रंजना सिंह, अशोक मौर्या, अनिल सिंह गौतम, शंम्भू नारायण सिंह आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।