तपिश और गर्म हवा के थपेड़ों ने झुलसाया
Sonbhadra News - सोनभद्र में तापमान में लगातार वृद्धि के कारण लोग झुलस रहे हैं। गुरुवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी से राहत नहीं मिलने के कारण लोग घरों में दुबके हैं। विद्युत कटौती और...
सोनभद्र, संवाददाता। सोनांचल में तापमान में लगातार वृद्धि के कारण तपिश बढ़ गई है। तपिश और गर्म हवा के थपेडे़ लोगों को झुलसा दे रहे हैं। इससे दिन में लोगों की आवाजाही कम हो जा रही है। वहीं लगातार तापमान बढ़ने से शाम को भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। सोनांचल में लगातार तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। गुरुवार को तापमान 42 डिग्री पार कर गया। इससे तपिश और गर्म हवा के कारण लोग झुलस जा रहे थे। मौसम विभाग के प्रेक्षक राजन सिंह के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री रहा।
जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 42.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.2 ड्रिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार की सुबह से ही तीखी धूप निकली थी। दोपहर में धूप के तेवर से लोग घरों में ही दुबके नजर आए। तेज धूप से बढ़ी तपिश और गर्म हवा के थपेडे़ लोगों को झुलसा रहे थे। दिन में तपिश और गर्म हवा के कारण लोगों की आवाजाही भी काफी कम रही। वहीं जगह-जगह लोगों को गर्मी से निजात केलिए ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करते भी देखा गया। वहीं शाम चार बजे के बाद धूप हल्की हुई लेकिन गर्म हवा चलती रही। तापमान में बढ़ोत्तरी के कारण रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही थी। जिला मुख्यालय पर गुरुवार को पूरे दिन बार-बार ट्रिपिंग के कारण हो रही अघोषित बिजली कटौती ने लोगों को बेहाल कर दिया है। दिन में कई बार बिजली आने और जाने का क्रम बना रहा। इससे इस भीषण गर्मी में लोगों की बेचैनी बढ़ जा रही थी। बिजली आने पर लोग थोड़ी राहत महसूस कर रहे थे, लेकिन जैसे ही गुल हो जा रही थी, लोग बेचैन हो जा रहे थे। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालयों से नन्हे मुन्ने बच्चे इस भीषण गर्मी में स्कूल से वापस आते समय आग की तरह तपती धूप से झुलस कर बीमार हो रहे हैं। अभिभावकों ने जिलाधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से अनुरोध किया कि इस भीषण गर्मी में नौनिहालों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय का समय प्रात: 7.30 से 10.30 बजे तक किया जाय या 20 मई से पूर्व बच्चों के लिए अवकाश घोषित कर दिया जाय। लगातार तापमान बढ़ने से आसमान से बरस रही आग से बच्चे बीमार हो रहे हैं। अभिभावक अनंत, तपेश्वर, मुंसफ, राजेश ने बताया कि हम सभी के बच्चे बीमार हो रहे हैं। दवा के खर्च के साथ परेशानी भी बढ़ रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।