सूरज की तपिश में नहीं आ रही है कमी
Santkabir-nagar News - संतकबीरनगर में भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं, अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर है। गर्मी के कारण सड़कें सूनी हो गई हैं और लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। मौसमी बीमारियां भी तेजी से फैल रही हैं।...
संतकबीरनगर, हिन्दुस्तान टीम। संतकबीरनगर जिले में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही है। सूरज की तीखी किरणें हर किसी को बेहाल कर रही हैं। सुबह से ही प्रचंड धूप के चलते सड़कें सूनी हो गई। लोग घरों में दुबकने के लिए मजबूर हो गए। दिन का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही चल रहा है। जेठ का महीना अपने शबाब पर है। धूप इस कदर है कि लोग गर्मी से बेहाल हैं। सर से लेकर पांव तक पसीना टपक रहा है। गर्मी की वजह से लोगों को सिर दर्द की शिकायतें भी बढ़ी हैं।
बीच-बीच में हवाएं पूरी तरह से ठप हो जाने से लोग पसीने से तर बतर हो जा रहे हैं। दिन में राह चलते लोग छांव का आसरा तलाशते रहे हैं। पूरे शहर में कुछ स्थानों पर ही पेड़ों की छांव मिल पा रही है। मौसमी बीमारियां भी तेजी से पांव पसार रही हैं उल्टी दस्त के साथ डायरिया का भी प्रकोप बढ़ रहा है। गर्मी का आलम यह है कि पंखे भी गर्म हवा दे रहे हैं। दिन में भीषण गर्मी के चलते कमरे पूरी तरह तप जा रहे हैं। ये बचाव के बजाय खुद गर्मी फेंकने लगती हैं। इसके चलते पंखों की हवाएं ऐसे लग रही हैं जैसे आग के किनारे कोई बैठा हुआ हो। रात में कमरे में सोने वालों की स्थिति और भयावह हो जा रही है। रात 2:00 बजे तक सीलिंग फैन से गर्म हवाएं निकल रही हैं। इसकी वजह से लोग सो नहीं पा रहे हैं। बच्चे हों या बड़े दिन में दो से तीन बार स्नान कर रहे हैं। गर्मी से बचने के लिए जितने भी उपाय कर रहे हैं वह नाकाफी साबित हो रहा है। सब्जियों के खेतों की जल्द करनी पड़ रही है सिंचाई सब्जियों की खेती करने वालों के लिए मौसम पूरी तरह से भारी पड़ रहा है। फसल को बचाने के लिए हर पांच दिन के अंतराल पर लोगों को अपने खेतों की सिंचाई करनी पड़ रही है। सिंचाई करने के तीसरे दिन से ही खेतों की नमी गायब हो जा रही है। इससे सब्जियों की लागत बढ़ रही है। नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्रा ने बताया कि आगामी 24 घंटे के दौरान मौसम में किसी प्रकार का बदलाव होने के आसार नहीं हैं। पछुआ हवाएं चलेंगी। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार ही रहेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।