निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र दिए
Moradabad News - भोजपुर के राजकीय महाविद्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में विशेष निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय 'सर्व शिक्षा अभियान और भारत' था।...

भोजपुर, हिंदुस्तान संवाद। राजकीय महाविद्यालय में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी समारोह के उपलक्ष्य में एक विशेष निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय था सर्व शिक्षा अभियान और भारत, जिसमें महाविद्यालय के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संचालन एवं आयोजन डॉक्टर सरस्वती द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेश कुमार के निर्देशन एवं अध्यक्षता में किया गया। अपने उद्घाटन भाषण में प्राचार्य ने अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए सर्व शिक्षा अभियान के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही भारत के समग्र विकास का सपना साकार हो सकता है, और इस दिशा में अटल का योगदान अविस्मरणीय रहा है। निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सर्व शिक्षा अभियान की उपलब्धियों, चुनौतियों तथा शिक्षा के क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं पर गहन विश्लेषण प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल द्वारा सर्वश्रेष्ठ निबंधों का चयन कर विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।