सिविल जज जूनियर डिवीजन कोर्ट पलिया में शुरू
Lakhimpur-khiri News - उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश राजीव सिंह ने पलिया में सिविल जज जूनियर डिवीजन कोर्ट का शुभारंभ किया। इस न्यायालय के शुरू होने से स्थानीय लोगों को शीघ्र और सस्ता न्याय मिल सकेगा। सिविल जज रवि...

पलियाकलां, संवाददाता। उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधीश राजीव सिंह ने पलिया में स्थापित सिविल जज जूनियर डिवीजन कोर्ट का विधिवत शुभारंभ कराया। न्यायालय के शुभारंभ के बाद सिविल जज जूनियर डिवीजन रवि पांडेय ने अपना कामकाज शुरू कर दिया है। हाई कोर्ट के प्रशासनिक न्यायमूर्ति राजीव सिंह शनिवार दोपहर पलिया पहुंचे और पलिया तहसील परिसर में स्थापित न्यायालय सिविल जज जूनियर डिवीजन का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रशासनिक न्यायाधीश ने कहा कि अब यहां पर सिविल जज जूनियर डिवीजन की कोर्ट हो जाने से लोगों को शीघ्र व सस्ता न्याय सुलभ हो सकेगा।
यहां के लोगों को पहले दौर में अब जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी होगी। उन्होंने कहा कि न्यायालय की गतिविधियों को सही व समयानुसार संचालित करने के लिए अधिवक्ताओं का सहयोग नितांत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभी सिविल विवाद की सुनवाई शुरू हो रही है बाद में धीरे धीरे इसके कामकाज के क्षेत्र में वृद्धि होगी, जिसका लाभ यहां के लोगों व अधिवक्ताओं को होगा। उन्होंने न्यायालय सिविल जज जूनियर डिवीजन के न्यायालय का कार्यभार नवनियुक्त सिविल जज रवि पांडेय को सौंपते हुए अधिवक्ताओं व अधिकारियों से बैठकर वार्ता की और सभी को मन लगाकर काम करने का आवाहन किया। इस मौके पर सुरक्षा को लेकर कई थानों की पुलिस मौजूद रही। कार्यक्रम में एसडीएम रत्नाकर मिश्रा, तहसीलदार आरती यादव, नायब तहसीलदार दिलीप कुमार सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस मौके पर प्रशासनिक न्यायाधीश ने न्यायालय के पीछे पड़ी जमीन पर रुद्राक्ष व आम तथा अमरूद के पौधों का रोपड़ किया। सिविल जज जूनियर डिवीजन रवि पांडे ने इसके बाद न्यायायिक काम शुरू कर दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।