हरदोई में सास के अंत्येष्ठि में पहुंची बहू को पीटा, पांच पर रिपोर्ट
Hardoi News - हरदोई जिले के माधोगंज थाना क्षेत्र में एक महिला को ससुराल में दहेज के लिए पीटा गया। महिला ने 2019 में शादी की थी और दहेज में 12 लाख नकद और 18 लाख की सामग्री दी गई थी। 5 मार्च 2023 को ससुराल वालों ने...

हरदोई, संवाददाता। हरदोई जिले में माधोगंज थाना क्षेत्र के गांव पिपरावां निवासी महिला को ससुराल में पीटा गया। वह सास की अंत्येष्टि में शामिल होने गई थी। मामले में पांच लोगों पर केस दर्ज कराया गया है। पिपरावा निवासिनी उपमा उर्फ मनू ने थाने में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उसकी शादी 23 नवम्बर 2019 को जिला लखीमपुर खीरी थाना खीरी के गांव लगुचा निवासी आशुतोष वर्मा के साथ हुआ था। माता-पिता ने दहेज में 12 लाख नकद व 18 लाख की घरेलू सामग्री दान दहेज में दी। इसके बावजूद ससुरालीजन संतुष्ट नही हुए। विदाई के बाद वापस पहुंचने पर अतिरिक्त दहेज का दबाव बनाते रहे।
समझाने बुझाने का उन लोगों पर कोई प्रभाव नही पड़ा। दहेज के लिए गाली-गलौज मारपीट व प्रताड़ित करते रहे। इसके बावजूद भी वह सब सहती रही। पांच मार्च 2023 की रात 10 बजे ससुरालीजनों ने मिलकर मारा पीटा व घर से निकाल दिया। पीड़िता रात भर घर के बाहर बैठी रही सुबह पति उसे हरदोई स्थित मकान पर छोड़कर चला गया। इसके बाद 15 सितम्बर 2024 को जब सास के निधन की खबर सुनकर वह अंतिम संस्कार में शामिल होने ससुराल पहुंची तो 17 लाख रूपए अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने का हवाला देकर ससुरालीजनों ने मारा पीटा। पुलिस ने अश्वनी कुमार वर्मा उर्फ पल्लू, आशुतोष वर्मा उर्फ शुक्ला, आरुपी वर्मा, निधी वर्मा समेत शर्मिष्ठा वर्मा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।