Hindi Newsपंजाब न्यूज़Punjab bjp chief sunil jakhar claims bhagwant mann was very nerves meeting with arvind kejriwal

केजरीवाल संग मीटिंग में भगवंत मान का गला सूखा, पंजाब CM पर अफवाहों के बीच भाजपा ने लिए मजे

  • पंजाब में सीएम बदलने की उड़ रही अफवाहों के बीच बीजेपी नेता सुनील जाखड़ ने सीएम भगवंत मान पर तंज कसा है। कहा कि केजरीवाल से मीटिंग में भगवंत मान की ताल बिगड़ गई। चुटकुला सुनाने वाले आदमी का गला सूख गया।

Gaurav Kala लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़Tue, 11 Feb 2025 11:01 PM
share Share
Follow Us on
केजरीवाल संग मीटिंग में भगवंत मान का गला सूखा, पंजाब CM पर अफवाहों के बीच भाजपा ने लिए मजे

दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की करारी हार के बाद पंजाब में सीएम भगवंत मान को हटाकर खुद अरविंद केजरीवाल के सीएम बनने की चर्चाओं के बीच आज दिल्ली में केजरीवाल ने पंजाब के सभी विधायकों की मीटिंग बुलाई थी। इस पर पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सीएम भगवंत मान पर तंज कसा है। जाखड़ ने कहा कि केजरीवाल संग मीटिंग में भगवंत मान का हाल बहुत बुरा है। उनकी ताल बिगड़ गई है। चुटकुले सुनाने वाला आदमी का गला सूख गया है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर लिखा कि दिल्ली में आप की शर्मनाक हार हुई है। अब पंजाब के मुख्यमंत्री के भाग्य को लेकर तरह-तरह की राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं। इन सब खबरों के बीच कम से कम एक बात तो पक्के तौर पर कही जा सकती है कि आज कपूरथला हाउस में जो कुछ भी हुआ उससे सीएम भगवंत मान की बेचैनी दूर नहीं हुई। मीडिया से बातचीत करते हुए मान काफी दुखी लग रहे थे। उन्होंने कहा कि चुटकले सुनाना तो दूर, आज बोलते हुए भी भगवंत मान का गला बार-बार सूख रहा था और आज उनके अपने सुर, ताल मेल नहीं खा रहे थे।

आप का पलटवार

भाजपा नेता सुनील जाखड़ के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बारे में दिए गए बयान पर आम आदमी पार्टी ने पलटवार किया है। आप पंजाब के प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा कि सुनील जाखड़ को भगवंत मान की चिंता छोड़कर अपनी चिंता करनी चाहिए। जिसका खुद का भविष्य अंधकार में हो, उसे दूसरे की चिंता नहीं करनी चाहिए। नील गर्ग ने कहा कि सुनील जाखड़ का हाल 'न घर का न घाट का' वाला हो गया है। भाजपा में उन्हें कोई पूछ नहीं रहा है। पार्टी मीटिंग में भी उन्हें नहीं बुलाया जाता है, इसलिए वह बेचैन हो गए हैं। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था जो अब मंजूर भी हो गया है। फिर उन्होंने पार्टी नेतृत्व के सामने बहुत नाक रगड़ें तब जाकर उनका इस्तीफा वापस हुआ।गर्ग ने कहा कि जाखड़ कुछ भी कर लें लेकिन उनका मुख्यमंत्री बनने का सपना पूरा नहीं होने वाला है। उनका यह सपना न कांग्रेस में पूरा हुआ और न ही भाजपा में पूरा होने वाला है। वह कभी भी पंजाब का मुख्यमंत्री नहीं बन सकते चाहे किसी भी पार्टी में चले जाएं।

ये भी पढ़ें:मान ने बताया क्यों केजरीवाल ने ली बैठक, टूट और पार्टी छोड़ने के दावे पर भी बोले
ये भी पढ़ें:केजरीवाल संग 'दिल्ली दरबार', भगवंत मान के साथ कपूरथला हाउस पहुंचे AAP विधायक

सीएम बदलने की आशंकाओं पर मान

आज पंजाब के सीएम भगवंत मान, प्रदेश के मंत्रियों और विधायकों के साथ दिल्ली में आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से मिले थे। केजरीवाल से मुलाकात के बाद भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की आप इकाई में किसी तरह का कोई असंतोष नहीं है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता संगठन के लिए पूरी तरह समर्पित हैं। पंजाब के सीएम ने आगे कहा कि हमारी सरकार लोगों के हित में काम कर रही है। हमारी पार्टी काम के नाम पर जानी जाती है। हम किसी धर्म और पैसे बांटने या गुंडागर्दी की राजनीति नहीं करते। कांग्रेस के विधायकों के पार्टी बदलने और अरविंद केजरीवाल के पंजाब का मुख्यमंत्री बनने की कोशिश के आरोप पर हंसते हुए कहा कि विपक्ष पौने 3 साल से ऐसा बोल रहा है। उनसे पूछ लो, दिल्ली में उनके कितने विधायक हैं? वह तो शुरू से कह रहे हैं कि 30 आ रहे हैं, 40 आ रहे हैं। हमने अपने खून पसीने से पार्टी बनाई है। इन्हें बोलने दो। उनके पास पार्टियां बदलने का कल्चर है। हमारे यहां ऐसा नहीं है।

रिपोर्ट: मोनी देवी

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें