निकोलस पूरन ने गुरुवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 26 गेंद में 70 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 6 चौके और इतने ही छक्के लगाए। उन्होंने मिचेल मार्श के साथ शतकीय साझेदारी भी की।
आईपीएल 2025 के अपने पहले मुकाबले में निकोलस पूरन ने सिर्फ 30 गेंद में 75 रन ठोक दिए थे। उनकी इस दमदार पारी की बदौलत लखनऊ की टीम 200 के पार पहुंचने में कामयाब हुई थी। अपनी पारी में उन्होंने सात छक्के और 6 चौके लगाए।
आईपीएल के पिछले सीजन में भी निकोलस ने दमदार बल्लेबाजी की थी। उन्होंने आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में 29 गेंद में 75 रन बनाए थे। पूरन ने 5 चौके और 8 छक्के जड़े थे।
आईपीएल 2024 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ निकोलस ने 27 गेंद में ताबड़तोड़ 61 रन बनाए थे। अपनी पारी में उन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाए थे। दिल्ली के खिलाफ अर्धशतक लगाने के बाद पूरन ने लगातार तीन अर्धशतक और लगाए हैं।
निकोलस पूरन का आईपीएल में शानदार करियर रहा है। उन्होंने 78 मैचों में 1914 रन बनाए हैं। निकोलस ने 11 अर्धशतक जड़े हैं। वह आईपीएल में पंजाब किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेल चुके हैं।