इमरान ने की हिंदू प्रेमिका की हत्या, कमरे में कंबल से बंधी मिली लाश; 5 बच्चों की मां थी महिला
दिल्ली से सटे गाजियाबाद के ट्राेनिका सिटी थाना क्षेत्र में गुरुवार को प्रेमी के कमरे में महिला का शव कंबल से बंधा मिला। बदबू फैली तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है।

दिल्ली से सटे गाजियाबाद के ट्राेनिका सिटी थाना क्षेत्र में गुरुवार को प्रेमी के कमरे में महिला का शव कंबल से बंधा मिला। बदबू फैली तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई है। बेटे ने मां के प्रेमी के खिलाफ शिकायत दी है, जो फरार है।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि इलायचीपुर गांव स्थित एक मकान के बंद कमरे से खून बहकर बाहर आ रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो अंदर महिला का शव जमीन पर पड़ा था। शव को कंबल में लपेटकर बांधा गया था। आसपास बदबू फैली हुई थी। मृतक महिला की पहचान 40 वर्षीय कृष्णा देवी निवासी हर्ष विहार, दिल्ली के रूप में हुई, जबकि कमरा फैजुल उर्फ इमरान नाम के युवक ने किराये पर ले रखा था। वह रंगाई-पुताई का काम करता है।
लोगों ने बताया कि इमरान और कृष्णा के संबंध थे और वह अक्सर यहां आती थी। कृष्णा के बड़े बेटे और अन्य परिजनों ने भी मौके पर पहुंचकर इसकी पुष्टि की। बेटे ने इमरान पर मां की हत्या का आरोप लगा शिकायत दी है।
एसीपी का कहना है कि महिला के गले पर निशान हैं। अंदेशा है कि गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण स्पष्ट होगा। लोग जिसे खून बता रहे थे, वह शरीर से निकलने वाला दृव्य है। शरीर के सड़ने पर यह निकलता है।
शराब पीकर करता था विवाद : पड़ोसियों के अनुसार, कृष्णा मंगलवार को कमरे पर आई थी। रात में महिला का मित्र छत पर सोया था। बुधवार को कमरे से जाने के बाद से वह वापस नहीं आया है। आशंका है कि हत्या करने के बाद छत पर सो गया और अगली सुबह फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पति को छोड़कर बच्चों संग रह रही थी
पुलिस के मुताबिक, महिला कृष्णा देवी मूलरूप से बुलंदशहर की रहने वाली थी। वह करीब तीन साल से दिल्ली में बच्चों के साथ रह रही थी। उसके पहले पति की मौत हो गई थी। पहले पति से उसके तीन बच्चे हैं। वहीं, दूसरे पति से दो बच्चे हुए और तीन साल पहले उसे भी छोड़ दिया। दिल्ली में रहने के दौरान उसकी इमरान से दोस्ती हुई थी।