Hindi NewsएनसीआरRekha Gupta Delhi CM LIVE: विधानसभा के पहले सत्र में रखी जाएगी CAG रिपोर्ट, कैबिनेट की पहली मीटिंग में हुए ये फैसले

Rekha Gupta Delhi CM LIVE: विधानसभा के पहले सत्र में रखी जाएगी CAG रिपोर्ट, कैबिनेट की पहली मीटिंग में हुए ये फैसले

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शपथ ग्रहण करते ही ऐक्शन मोड में आ गई हैं। उन्होंने शाम को कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई है। इसके बाद वह यमुना किनारे भी जाएंगी।

Rekha Gupta Delhi CM LIVE: विधानसभा के पहले सत्र में रखी जाएगी CAG रिपोर्ट, कैबिनेट की पहली मीटिंग में हुए ये फैसले

NEW CM IN YAMUNA AARTI AT VASUDEV GHAT IN DELHI

Praveen Sharma| लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली | Thu, 20 Feb 2025 10:16 PM
हमें फॉलो करें

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली की शालीमार बाग विधानसभा सीट से पहली बार विधायक बनीं भाजपा की रेखा गुप्ता शपथ ग्रहण के बाद आज दिल्ली की नई मुख्यमंत्री बन गई हैं। उनके साथ प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, आशीष सूद, पंकज सिंह और रविंदर सिंह इंद्राज को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शपथ ग्रहण करते ही ऐक्शन मोड में आ गई हैं। उन्होंने शाम को कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई है। इसके बाद वह यमुना किनारे भी जाएंगी। दिल्ली में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 7 मंत्री हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, नई सरकार में प्रवेश वर्मा का डिप्टी सीएम बनना तय माना जा रहा है। दिल्ली के नए मंत्रिमंडल में सभी समुदायों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मंत्री समेत तमाम मंत्री, भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री के अलावा साधु-संत और कारोबारियों के साथ ही हजारों लोग रेखा के शपथ ग्रहण में शामिल हुए। शपथ ग्रहण के लिए रामलीला मैदान में सुरक्षा के लिए एनएसजी कमांडो, दिल्ली पुलिस के जवान और आरएएफ के जवान तैनात कर दिए गए थे। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बिना सुरक्षा जांच के किसी को भी अंदर नहीं जाने दिया जा रहा। बता दें कि, रेखा गुप्ता सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। 50 वर्षीय रेखा गुप्ता एबीवीपी से जुड़ी रही हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से विधि में स्नातक की पढ़ाई की है। भाजपा ने अरविंद केजरीवाल नीत आम आदमी पार्टी (आप) के 10 साल के शासन पर विराम लगाते हुए दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है। पढ़िए पल-पल के अपडेट

बहू के दिल्ली की CM बनने पर क्या बोलीं रेखा गुप्ता की सास, पड़ोसन ने कही यह बात

रेखा गुप्ता के जरिये महिलाओं को साधने के लिए BJP ने दिल्ली में ‘बड़ी रेखा' खींची

दिल्ली की नई CM रेखा गुप्ता संग कपिल मिश्रा समेत ये 6 मंत्री भी लेंगे शपथ

20 Feb 2025, 09:14:27 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : सदन की पहली बैठक में रखी जाएगी CAG रिपोर्ट

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार शाम को अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक की। सचिवालय भवन में हुई इस मीटिंग में सभी 6 मंत्री भी शामिल हुए। बैठक में प्रमुख फैसला लेते हुए सरकार ने दिल्ली में आयुष्मान भारत योजना लागू करने का फैसला लिया है। यह योजना 10 लाख रुपए तक के टॉपअप के साथ लागू होगी। इसके अलावा विधानसभा के पहले ही सत्र में CAG रिपोर्ट रखने का फैसला भी कैबिनेट की बैठक में हुआ।

20 Feb 2025, 08:49:11 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली सरकार में हुआ विभागों का बंटवारा

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली की नवगठित सरकार में विभागों का बंटवारा हो गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वित्त मंत्रालय के अलावा महिला एवं बाल विकास, राजस्व और भूमि विभाग अपने पास रखा है। जबकि प्रवेश वर्मा को पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन, विधायी मामले, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण एवं गुरुद्वारा चुनाव विभाग दिया गया है। आशीष सूद को गृह, ऊर्जा, शहरी विकास और शिक्षा विभाग दिया गया है। मनजिंदर सिंह सिरसा को उद्योग, खाद्य और आपूर्ति विभाग के अलावा पर्यावरण विभाग भी दिया गया है। कपिल मिश्रा को रोजगार विभाग के साथ कला और संस्कृति, कानून और न्याय विभाग व पर्यटन विभाग दिया गया है। पंकज सिंह को स्वास्थ्य, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग का प्रभार दिया गया है, जबकि रवींद्र इंद्राज को सामाजिक कल्याण, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति कल्याण, सहकारिता विभाग आवंटित किए गए हैं।

20 Feb 2025, 07:43:49 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : भाजपा दिल्ली को 'आदर्श दिल्ली' बनाएगीः पुष्कर सिंह धामी

Rekha Gupta Delhi CM Live : उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा, 'मैं दिल्ली सरकार को बधाई देता हूं। जिस तरह पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की डबल इंजन सरकार पूरे देश में तेज गति से काम कर रही है, बीजेपी दिल्ली में भी अच्छा काम करेगी। दिल्ली में पिछले 10 सालों में 'आपदा सरकार' ने केंद्र सरकार की योजनाओं को यहां लागू नहीं होने दिया। बीजेपी दिल्ली को 'आदर्श दिल्ली' बनाएगी। दिल्ली सरकार की सभी कैबिनेट के साथियों से मुलाकात हुई है।'

20 Feb 2025, 07:35:22 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : सीएम रेखा गुप्ता कैबिनेट की पहली बैठक शुरू

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली स्थित सचिवालय में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की कैबिनेट की पहली बैठक शाम साढ़े सात बजे शुरू हो गई, जिसमें सीएम के साथ ही उनकी कैबिनेट के सभी छह सदस्य हिस्सा ले रहे हैं। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जाने की उम्मीद की जा रही है।

20 Feb 2025, 06:54:30 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : सीएम रेखा गुप्ता हुईं यमुना आरती में शामिल

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शाम करीब साढ़े छह बजे यमुना आरती में शामिल होने के लिए अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ दिल्ली के वासुदेव घाट पर पहुंचीं। यहां उन्होंने पहले यमुना मैया की पूजा अर्चना की फिर मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ यमुना की आरती की। घाट पर राम भजन बजाए गए और ‘जय श्री राम’ और ‘यमुना मैया की जय’ के जयकारे लगाए गए।

20 Feb 2025, 06:34:56 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : आरती से पहले सीएम रेखा गुप्ता ने की पूजा अर्चना

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ यमुना आरती के लिए शहर के वासुदेव घाट पर पहुंचीं। शाम की आरती शुरू होने से पहले उन्होंने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मिलकर यमुना नदी की पूजा-अर्चना की।

20 Feb 2025, 06:04:55 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : यमुना आरती के लिए मंत्री व भाजपा नेता यमुना घाट पहुंचे

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली के कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह सहित अन्य भाजपा नेता शाम की आरती में शामिल होने के लिए यमुना के वासुदेव घाट पर पहुंचे।

20 Feb 2025, 05:20:44 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : सीएम ने किया विभागों का बंटवारा, प्रवेश बनेंगे उपमुख्यमंत्री

Rekha Gupta Delhi CM Live : सूत्रों के अनुसार दिल्ली में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्रिमंडल के सदस्यों के बीच विभागों का बंटवारा भी कर दिया है। सूत्र से मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने खुद अपने पास वित्त, विजिलेंस, गृह, सतर्कता और योजना विभाग की जिम्मेदारी रखी है। वहीं प्रवेश वर्मा को शिक्षा, परिवहन और पीडब्ल्यूडी विभाग सौंपा है।

20 Feb 2025, 04:22:10 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : पदभार संभालने के बाद CM बोलीं- शाम को कैबिनेट की बैठक होगी

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभालने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ‘आज शाम को हमारी कैबिनेट बैठक है। हम विकसित दिल्ली के मिशन को पूरा करने के लिए उस पर लगातार काम करेंगे और जो भी वादे हमने किए हैं, उन्हें पूरा करेंगे। शाम 5 बजे हम आरती के लिए यमुना घाट जाएंगे। शाम 7 बजे कैबिनेट की बैठक होगी।’

20 Feb 2025, 03:48:17 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : नई सीएम ने मंत्रिमंडल के साथ किया पदभार ग्रहण

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार दोपहर अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ सचिवालय पहुंचकर औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।

20 Feb 2025, 03:44:33 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : पीएम मोदी ने रेखा मंत्रिमंडल के सदस्यों की दी बधाई

Rekha Gupta Delhi CM Live : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए दिल्ली की नई सरकार के मंत्रियों को बधाई दी। पीएम मोदी ने लिखा, 'दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर श्री प्रवेश साहिब सिंह जी, श्री आशीष सूद जी, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा जी, श्री रविंदर इंद्राज सिंह जी, श्री कपिल मिश्रा जी और श्री पंकज कुमार सिंह जी को बधाई। यह टीम जोश और अनुभव का बेहतरीन मिश्रण है, और निश्चित रूप से दिल्ली के लिए सुशासन सुनिश्चित करेगी। उन्हें शुभकामनाएँ।'

20 Feb 2025, 03:40:52 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : MP के मुख्यमंत्री ने दी रेखा गुप्ता को बधाई

Rekha Gupta Delhi CM Live : मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने रेखा गुप्ता को बधाई देते हुए कहा, ‘21 राज्यों में भाजपा की सरकार बनना अपने आप में बहुत बड़ी बात है। यह खुशी तब और बढ़ गई जब 27 साल बाद दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनी और हमारी बहन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार काम करेगी और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।’

20 Feb 2025, 03:36:58 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : गोवा के सीएम ने दी रेखा गुप्ता को बधाई

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली में एनडीए के मुख्यमंत्रियों की बैठक के बाद गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, ‘मैं दिल्ली में सरकार बनाने पर मोदी जी को बधाई देता हूं। मैं रेखा गुप्ता जी को भी सीएम बनने पर बधाई देता हूं। भाजपा ने 27 साल बाद दिल्ली में सरकार बनाई है। इसलिए पार्टी निश्चित रूप से अपने सभी वादे पूरे करेगी।’

20 Feb 2025, 03:20:41 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : पदभार ग्रहण करने सचिवालय पहुंचीं नई सीएम

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दोपहर करीब तीन बजे दिल्ली सचिवालय पहुंच गईं, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।

20 Feb 2025, 02:53:50 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली की सीएम 7 बजे करेंगी कैबिनेट मीटिंग

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के साथ अपने आधिकारिक कर्तव्यों की शुरुआत करेंगी। दोपहर 3:00 बजे, वह औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के लिए दिल्ली सचिवालय जाएंगी। इसके बाद शाम 5:00 बजे, वह यमुना बाजार में वासुदेव घाट जाएंगी। शाम को 7:00 बजे वह दिल्ली सचिवालय में अपनी पहली कैबिनेट बैठक करेंगी।

20 Feb 2025, 02:39:18 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : उसे कड़ी मेहनत करने की आदत है...वह सब संभाल लेंगी; रेखा गुप्ता की सास मीरा गुप्ता बोलीं

बीजेपी की रेखा गुप्ता के दिल्ली के सीएम के रूप में शपथ लेने के बाद, उनकी सास मीरा गुप्ता कहती हैं, "वह अपने घर के साथ-साथ समाज का भी ख्याल रखती थीं। उन्होंने दो साल तक पूरे शालीमार का ख्याल रखा। उसे कड़ी मेहनत करने की आदत है...वह सब संभाल लेंगी। हम सभी बहुत खुश हैं..."

20 Feb 2025, 02:37:31 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली की बागडोर एक कार्यकर्ता के हाथ में आ गई है : तरुण चुघ

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, "यह एक अद्भुत और ऐतिहासिक कार्यक्रम था। हमें ऐसा लग रहा था कि पूरी दिल्ली प्रधानमंत्री मोदी को आशीर्वाद देने आ गई है। लोग मोदी-मोदी और 'भारत माता की जय' के नारे लगा रहे थे। यह एक ऐतिहासिक पल है कि दिल्ली की बागडोर एक कार्यकर्ता के हाथ में आ गई है।"

20 Feb 2025, 01:36:37 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : कैबिनेट की बैठक में महत्वपूर्ण फैसले होंगे, शपथ के बाद प्रवेश वर्मा

प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि बहुत सारी चुनौतियां हैं, क्योंकि पिछले कुछ सालों में दिल्ली में जो काम होने चाहिए थे, वो नहीं हुए। मगर इसके साथ हमें खुशी भी है कि हम पीएम मोदी के नेतृत्व में काम करेंगे... हम भारत सरकार की सभी योजनाओं को दिल्ली में लाएंगे। हमारी कैबिनेट बैठक होगी और उसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे और वो जल्द ही आपके सामने आएंगे। हमारे प्रधानमंत्री के विजन के अनुसार दिल्ली में अच्छा काम होंगे। यमुना की सफाई हमारा संकल्प है।

20 Feb 2025, 01:23:13 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : 2016 की CAG रिपोर्ट विधानसभा में पेश कर भ्रष्टाचार का खुलासा किया जाए, केजरीवाल पर स्वाति मालीवाल का हमला

दिल्ली से राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा, "यह कितना शर्मनाक है कि अरविंद केजरीवाल ने अपने द्वारा शुरू किए गए आंदोलन को धोखा दिया - वे भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी लड़ाई के साथ सीएम बने और उन्होंने इतना बड़ा आंदोलन शुरू किया। 2016 की CAG रिपोर्ट आज तक विधानसभा में पेश नहीं की गई है। इसलिए, मैं चाहती हूं कि वे रिपोर्ट पेश की जाएं, सभी भ्रष्टाचार का खुलासा किया जाए और सख्त कार्रवाई की जाए। मैं सरकार से जल्द से जल्द यमुना नदी को साफ करने की अपील करती हूं। यह दुखद है कि पिछले 10 सालों में यमुना एक नाले में तब्दील हो गई है। इसे पुनर्जीवित करना महत्वपूर्ण है।"

20 Feb 2025, 01:14:08 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : हमें साफ हवा-पानी के साथ दिल्ली को एक बार फिर खुशहाल और नया बनाना है : मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा

दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शपथ ग्रहण के बाद कहा, "यह प्रधानमंत्री मोदी के विजन को लागू करने की जिम्मेदारी है, हमें टीम का हिस्सा बनने का मौका दिया गया है - ताकि प्रधानमंत्री मोदी के इस 'विकसित दिल्ली' बनाने के सपने को साकार किया जा सके... हमें स्वच्छ पानी और हवा के साथ दिल्ली को एक बार फिर खुशहाल और नया बनाना है। हमें यमुना नदी को साफ करना है।"

20 Feb 2025, 01:09:37 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : अगले छठ में आपको यह अलग रूप में यमुना मिलेगी, शपथ ग्रहण के बाद बोले दिल्ली के मंत्री पंकज कुमार सिंह

दिल्ली के मंत्री पंकज कुमार सिंह ने शपथ ग्रहण के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, "हम यमुना नदी के निरीक्षण के लिए जरूर जाएंगे। मंत्रिपरिषद वहां जा रही है। आपको स्वच्छ और सुंदर यमुना मिलेगी, भाजपा आपसे यह वादा करती है। अगले छठ में आपको यह अलग रूप में यमुना मिलेगी। हम इसे पहली कैबिनेट बैठक में पारित करेंगे और विकास योजनाओं को लागू करेंगे। हम जल्द से जल्द पीएम मोदी के वादों को पूरा करेंगे। आपको स्वच्छ पर्यावरण के साथ एक सुंदर दिल्ली मिलेगी। यमुना नदी के संबंध में निर्णय जरूर होगा और पूर्वांचल से होने के नाते मैं आपसे वादा करता हूं कि हम आपको स्वच्छ और सुंदर यमुना प्रदान करेंगे।"

20 Feb 2025, 12:57:50 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Live : दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने शाम को कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शपथ ग्रहण करते ही ऐक्शन मोड में आ गई हैं। उन्होंने शाम को कैबिनेट की पहली बैठक बुलाई है। इसके बाद वह यमुना किनारे भी जाएंगी।

20 Feb 2025, 12:38:59 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : भाजपा विधायक पंंकज कुमार सिंह ने भी ली मंत्री पद की शपथ

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना भाजपा विधायक पंंकज कुमार सिंह को दिल्ली की नई भाजपा सरकार के मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। पहली बार वह विकासपुरी सीट से विधायक बने हैं। वह दो बार निगम पार्षद रह चुके हैं और सरकार में पूर्वांचली चेहरा होंगे।

20 Feb 2025, 12:37:08 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : कपिल मिश्रा ने ली मंत्री पद की शपथ, केजरीवाल सरकार में भी रह चुकें हैं मंत्री

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने करावल नगर से भाजपा विधायक कपिल मिश्रा को दिल्ली की नई भाजपा सरकार के मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कपिल मिश्रा केजरीवाल सरकार में भी जल मंत्री रह चुके हैं।

20 Feb 2025, 12:35:37 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : रविंदर इंद्राज सिंह ने भी मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रविंदर इंद्राज सिंह को भी दिल्ली की नई भाजपा सरकार के मंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। 50 वर्षीय रविंद्र ने दलित चेहरे के रूप में मंत्रिमंडल में जगह बनाई है।

20 Feb 2025, 12:32:22 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : आशीष सूद और मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी ली शपथ

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने आशीष सूद और मनजिंदर सिंह सिरसा को भी दिल्ली के मंत्री के रूप में शपथ दिलाई। सिरसा जी ने पंजाबी में शपथ ली है।

20 Feb 2025, 12:28:30 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के मंत्री के रूप में शपथ ली

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने प्रवेश वर्मा को दिल्ली के मंत्री के रूप में शपथ दिलाई। प्रवेश वर्मा नई दिल्ली सीट से चुनाव जीते हैं।

20 Feb 2025, 12:26:24 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : रेखा गुप्ता ने दिल्ली की CM पद की शपथ ली, 4 महिला मुख्यमंत्री बनीं

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रेखा गुप्ता को दिल्ली की CM पद की शपथ दिलाई, 4 महिला मुख्यमंत्री बनीं।

20 Feb 2025, 12:23:32 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : PM मोदी मंच पर पहुंचे, शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो गया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए रामलीला मैदान के मंच पहुंच गए हैं। उन्होंने उपस्थित जनता का अभिवादन किया।राष्ट्रगान के बाद शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो गया है।

20 Feb 2025, 12:07:19 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : अमित शाह, जेपी नड्डा और राजनाथ सिंह रामलीला मैदान पहुंचे

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिपरिषद के शपथ समारोह में भाग लेने के लिए रामलीला मैदान पहुंच गए हैं।

20 Feb 2025, 12:01:35 PM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : पीएम मोदी सिर्फ महिला सशक्तिकरण की बात नहीं करते, बल्कि उन्होंने इसका रास्ता भी दिखाया है : हर्ष मल्होत्रा

दिल्ली से सांसद और केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ​​ने कहा कि मैं पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करता हूं। वे सिर्फ महिला सशक्तिकरण की बात नहीं करते, बल्कि उन्होंने इसका रास्ता भी दिखाया है। दिल्ली में अभी बहुत कुछ करना है। हम आयुष्मान भारत योजना को लागू करेंगे। यमुना पर काम शुरू हो चुका है।

20 Feb 2025, 11:54:09 AM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : स्वाति मालीवाल ने दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता को बधाई दी

राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने रामलीला मैदान जाकर दिल्ली की नई सीएम रेखा गुप्ता को बधाई दी। रेखा गुप्ता आज रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण लेने जा रही हैं।

20 Feb 2025, 11:52:00 AM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : कई राज्यों के नेता रामलीला मैदान पहुंंचे

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केपी मौर्य, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेम चंद बैरवा और अन्य नेता दिल्ली की मनोनीत मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए रामलीला मैदान पहुंचे।

20 Feb 2025, 11:50:14 AM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना का रेखा गुप्ता और उनके पति ने रामलीला मैदान में किया स्वागत

दिल्ली की सीएम मनोनीत रेखा गुप्ता और उनके पति मनीष गुप्ता रामलीला मैदान में उपराज्यपाल वीके सक्सेना का अभिवादन करते हुए। शपथ ग्रहण समारोह कुछ ही देर में शुरू होगा।

20 Feb 2025, 11:48:37 AM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : पवन कल्याण दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के शपथ समारोह में भाग लेने के लिए रामलीला मैदान पहुंचे

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता के शपथ समारोह में भाग लेने के लिए रामलीला मैदान पहुंचे।

20 Feb 2025, 11:47:18 AM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : दिल्ली की मुख्यमंत्री से जुड़े 6 जरूरी फैक्ट

  • रेखा गुप्ता सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली में भाजपा की दूसरी महिला मुख्यमंत्री बनेंगी।
  • पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी देश में फिलहाल पश्चिम बंगाल में अकेली महिला मुख्यमंत्री हैं। रेखा गुप्ता दूसरी सीएम होंगी।
  • दिल्ली में कांग्रेस की शीला दीक्षित सबसे लंबे समय तक 15 साल मुख्यमंत्री रहीं।
  • मौजूदा समय में भाजपा और एनडीए की 21 राज्यों में सरकार है, उमें रेखा गुप्ता एकमात्र महिला सीएम होंगी।
  • रेखा गुप्ता सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी।
  • 50 वर्षीय रेखा गुप्ता एबीवीपी से जुड़ी रही हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से विधि में स्नातक की पढ़ाई की है।
20 Feb 2025, 11:35:42 AM IST

Rekha Gupta Delhi CM Oath Live : मैं अपनी आखिरी सांस तक बीजेपी में रहूंगा : प्रवेश वर्मा

आज दिल्ली के मंत्री के तौर पर शपथ लेने वाले बीजेपी नेता प्रवेश साहिब सिंह ने कहा, "दिल्ली के प्रति हमारी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। दिल्ली की जनता ने हमें बहुत प्यार और आशीर्वाद दिया। 27 साल बाद आज बीजेपी दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है। मैं पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करता हूं, जिनके विकास पर लोगों ने भरोसा जताया है। दिल्ली की जनता को पूरा भरोसा है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम दिल्ली को दुनिया की सबसे खूबसूरत राजधानी बनाने में सफल होंगे। मैं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह का शुक्रिया अदा करता हूं। उनके नेतृत्व में हमें दिल्ली के लिए अच्छी दिशा मिली और हमने सरकार बनाई। मैं दिल्ली के सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देता हूं। उनकी मेहनत रंग लाई है। मैं दिल्ली की जनता का शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने हमें 48 सीटें दीं। हम अपने घोषणापत्र में किए गए सभी वादे पूरे करेंगे। मैं हमेशा कहता हूं कि मैं बीजेपी का अनुशासित कार्यकर्ता हूं और हमेशा रहूंगा, मैं अपनी आखिरी सांस तक बीजेपी में रहूंगा। पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी देगी, मैं उसे निभाऊंगा।"

20 Feb 2025, 11:32:53 AM IST

रेखा गुप्ता दिल्ली CM शपथ LIVE : रामलीला मैदान में मंत्रियों और नेता से मुलाकात कर रहीं नई मुख्यमंत्री

रेखा गुप्ता दिल्ली CM शपथ LIVE : दिल्ली की भावी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण के मंच पर मौजूद अपने कैबिनेट मंंत्रियों सहित भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यंमत्रियों और नेताओं से मुलाकात कर रही हैं। सबसे पहले उन्होंने प्रवेश वर्मा से मुलाकात की।

20 Feb 2025, 11:23:34 AM IST

रेखा गुप्ता दिल्ली CM शपथ LIVE : रेखा गुप्ता शपथ ग्रहण के लिए रामलीला मैदान पहुंचीं

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहीं भाजपा विधायक दल की नेता चुनी गईं रेखा गुप्ता शपथ ग्रहण के लिए रामलीला मैदान पहुंच गई हैं।

20 Feb 2025, 11:21:46 AM IST

रेखा गुप्ता दिल्ली CM शपथ LIVE : उनकी 30 साल की मेहनत सफल साबित हुई, मां के सीएम बनने पर बोले निकुंज गुप्ता

दिल्ली की सीएम मनोनीत रेखा गुप्ता के बेटे निकुंज ने कहा कि यह अच्छी बात है कि एक महिला को सीएम बनने का मौका दिया गया है। हमें पूरा भरोसा है कि वे अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा पाएंगी। उनकी 30 साल की मेहनत सफल साबित हुई है। उन्होंने कड़ी मेहनत की है और यह सब अपने दम पर किया है। उन्होंने डूसू से शुरुआत की। हम पीएम मोदी, पार्टी और सभी को इस अवसर के लिए धन्यवाद देते हैं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव और दिल्ली चुनाव रिजल्ट से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।