NCR में खुलेंगी 200 नई कंपनियां, 4.47 लाख रोजगार की आएगी बहार
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में इस वर्ष 200 औद्योगिक इकाइयां शुरू करने की तैयारी है। इन इकाइयों में दिसंबर 2025 तक करीब 4.47 लाख से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में इस वर्ष 200 औद्योगिक इकाइयां शुरू करने की तैयारी है। इन इकाइयों में दिसंबर 2025 तक करीब 4.47 लाख से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने से शहर में करीब 331670.19 करोड़ से अधिक का निवेश आएगा। साथ ही, हरियाली और बसावट भी बढ़ेगी।
प्राधिकरण के अधिकारी ने बताया कि यमुना सिटी में सेक्टर-24, 24ए, 30, 32, 33 औद्योगिक सेक्टर के रूप में विकसित किए जा रहे हैं। इन सेक्टर में अब तक 3041 औद्योगिक भूखंडों का आवंटन हो चुका है। यह भूखंड 1880.75 हेक्टेयर क्षेत्रफल में आवंटित किए गए हैं।
वर्तमान में यहां पांच बड़े और नौ छोटी औद्योगिक कंपनियां शुरू हो चुकी हैं। इन 11 कंपनियों ने शहर में 1356.68 करोड़ का निवेश किया है। वहीं, सेक्टर-24ए में वीवो कंपनी का भी संचालन शुरू हो गया है। कंपनी ने 7000 करोड़ का निवेश किया है। कंपनी को 169 एकड़ भूमि का आंवटन वर्ष 2018 में हुआ था। इसमें 156.32 एकड़ भूमि के लिए चेकलिस्ट जारी की गई।
114 इकाइयां निर्माणाधीन
यमुना विकास प्राधिकरण कुल 3041 भूखंडों में से 2228 भूखंडों के आवंटियों को लीज प्लान जारी कर चुका है। इनमें से 2154 को चेक लिस्ट भी जारी कर दी गई है, जिनमें से 1553 ने भूखंड की लीज डीड भी करा ली है। अब तक 176 कंपनियों के नक्शों को मंजूरी मिल भी चुकी है, जिनमें से 14 शुरू हो चुकी और करीब 114 का मौके पर निर्माण कार्य चल रहा है।
अरुणवीर सिंह, सीईओ, यमुना प्राधिकरण ने कहा, ''नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने के साथ साथ औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा शहर में हरियाली और बसावट बढ़ाने के लिए भी ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।''