घर पर रुई जैसे सॉफ्ट बनेंगे दही भल्ले, बस अपनाएं कुछ सीक्रेट ट्रिक्स
- होली पर ज्यादातर लोग घर पर दही भल्ले बनाना पसंद करते हैं। हालांकि, कई बार लोग शिकायत करते हैं कि दही भल्ले के वड़े सॉफ्ट नहीं बनते। ऐसे में आपको कुछ सीक्रेट टिप्स बता रहे हैं जिन्हें अपनाकर आप घर पर रुई जैसे सॉफ्ट भल्ले बना पाएंगे।

होली के दिन हर घर में तरह-तरह की खाने की चीजों को तैयार किया जाता है। इस खास त्योहार पर ज्यादातर घरों में दही भल्ले बनाए जाते हैं। होली के दिन अगर आपके घर पर भी मेहमान मिलने के लिए आते हैं तो आप उन्हें दही भल्ले सर्व कर सकते हैं। घर पर बने दही भल्लों को लेकर महिलाओं की शिकायत रहती है कि ये बहुत सख्त हो जाते हैं। ऐसे में रुई जैसे सॉफ्ट वड़े बनाने के लिए आप यहां बताई गई ट्रिक्स को अपना सकते हैं।
सही मात्रा में लें दाल
दही भल्ले के वड़े उड़द दाल से तैयार किए जाते हैं। इसी के साथ इसमें मूंग की दाल भी मिलाई जाती है। ऐसे में दोनों को सही मात्रा में मिलाना बहुत जरूरी है। इसके लिए 75 प्रतिशत उड़द दाल और 25 प्रतिशत मूंग दाल का इस्तेमाल कर सकते हैं।
एक रात पहले ही भिगोएं दाल
आपको जिस भी दिन दही भल्ले बनाने हैं, उससे एक रात पहले ही दोनों दालों को मिलाकर भिगो दें। ऐसा करने से दाल अच्छे से फूल जाएगी और आप आसानी से इसका स्मूद पेस्ट बना पाएंगे।
बहुत ज्यादा पानी न डालें
घोल को पीसने के लिए कितना पानी सही मात्रा में डालना बहुत जरूरी है। बहुत ज्यादा पानी मिक्स को खराब कर सकता है। कितना पानी डालना है यह दाल की क्वालिटी और ग्राइंडर की क्षमता पर निर्भर करता है। लेकिन ध्यान रखें कि बहुत ज्यादा पानी न डालें क्योंकि इससे भल्ले बहुत कुरकुरे हो जाएंगे और बहुत ज्यादा तेल सोख लेंगे।
अच्छे से करें मिक्स
जब दाल का घोल तैयार हो जाए तो उसे कुछ देर तक तेजी से हिलाएं क्योंकि इससे घोल हल्का और फूला हुआ हो जाएगा। तेजी से मिक्स करने के लिए आप विस्कर का फिर हाथों का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
सॉफ्ट बनाने के लिए डालें तेल
दही भल्ले सॉफ्ट बनाने के लिए बैटर मिक्सिंग के समय इसमें गरम तेल मिला दें। ये दादी-नानी की ट्रिक है जिससे भल्ले बहुत सॉफ्ट बनकर तैयार होते हैं।
तलने से पहले जरूर करें फ्लोटिंग टेस्ट
जब बैटर तैयार हो जाए तो एक छोटी कटोरी पानी में एक चम्मच बैटर डालें। अगर यह तैरता है, तो यह सही है। अगर नहीं तैरता है, तो इसका मतलब है कि ये पतला है। इसे ठीक करने के लिए बैटर को गाढ़ा करना होगा। इसके के लिए उसमें थोड़ी सूजी या चावल का आटा मिला सकते हैं।
गर्म तेल में तलें
भल्ले तलने के लिए तेल सही तापमान पर होना चाहिए। अगर तेल ठंडा होगा तो भल्ले नरम हो जाएंगे और अगर तेल ज्यादा गरम होगा तो वड़े बाहर से जल्दी भूरे हो जाएंगे और बीच का हिस्सा कच्चा रह जाएगा। इसलिए तेल को सही मात्रा में गर्म करने के बाद ही भल्ले तलें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।