गदड़ा के पूजा सामग्री गोदाम में भीषण आग, दो करोड़ का नुकसान
गोविंदपुर थाना क्षेत्र के गदड़ा में पूजा सामग्री के गोदाम में शुक्रवार रात भीषण आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं,...

गोविंदपुर थाना अंतर्गत गदड़ा स्थित पूजा सामग्री के गोदाम और चूना गोदाम में शुक्रवार देररात अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। बाद में दो और गाड़ियां पहुंचीं। तेज हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के घरों के लोग दहशत में आ गए। कई परिवारों ने एहतियातन घर खाली कर दिए। समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
हालांकि, नुकसान का अनुमान दो करोड़ रुपये बताया जा रहा है। गोदाम मालिक विनोद गुप्ता ने बताया कि उनकी पूजा सामग्री की दुकान साकची मानसरोवर लाइन में आस्था पूजा सामग्री के नाम से है, जिसका गोदाम गदड़ा में था। रात आठ बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद वे साकची से गदड़ा पहुंचे, लेकिन तबतक गोदाम पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। उन्होंने बताया कि गोदाम में विभिन्न त्योहारों के लिए उपयोग होने वाली पूजा सामग्री और अन्य सामान रखे गए थे। इसमें करीब दो करोड़ का नुकसान हुआ है। स्थानीय निवासी संजय कुमार तिवारी ने बताया कि शाम सात बजे अचानक काला धुआं उठता देखा गया। यह इलाका मुख्य रूप से चूना गोदाम के लिए जाना जाता है। गोदाम जिस मकान में था, वह वीरेंद्र कुमार सिंह का है। पहले धुआं उठा और फिर तेजी से आग की लपटें फैलने लगीं। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बेकाबू हो गई। देर रात तक गोदाम से आग की लपटें उठती रही। दमकल की पांच गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी रहीं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।