Notification Icon
Hindi Newsविदेश न्यूज़Taiwan Detects 32 Chinese Military Aircraft In 24-Hour Naval ships deployed - International news in Hindi

क्या करने जा रहा चीन, ताइवान में घुसे 32 युद्धक विमान; नौसैनिक जहाज भी तैनात

यह घटना चीन-ताइवान के बीच बढ़ते तनाव दो दर्शाती है। वर्ष 1949 के गृह युद्ध के दौरान ताइवान चीन से अलग हो गया था, लेकिन बीजिंग दो करोड़ से अधिक की आबादी वाले इस द्वीप को अपना क्षेत्र मानता है।

Amit Kumar लाइव हिन्दुस्तान, ताइपेThu, 21 March 2024 04:12 AM
share Share

चीन और ताइवान के बीच एक बार फिर से तनातनी बढ़ती नजर आ रही है। ताइवान ने गुरुवार को दावा किया कि दर्जनों चीनी लड़ाकू विमान उसके वायुक्षेत्र में घुस आए। ताइवानी सेना ने कहा कि 24 घंटे के अंदर कम से कम 32 चीनी सैन्य विमानों को उसके क्षेत्र में देखा गया है। इस साल ताइवान के वायुक्षेत्र में चीनी घुसपैठ की ये दूसरी सबसे बड़ी घटना है। इसी साल जनवरी के अंत में ताइवान द्वीप के आसपास 33 चीनी युद्धक विमानों को देखा गया था। अब एक बार फिर से चीन उकसावे वाली हरकत देखी गई है।

ताइवान के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने कहा कि चीनी सैन्य विमानों के अलावा, पांच नौसैनिक जहाज भी आसपास ही चल रहे हैं। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि "तेरह विमानों ने ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा को पार किया।" चीन की इस हरकत पर ताइवान भी एक्शन मोड में आ गया है। बयान में कहा गया है कि ताइवान की सेना "स्थिति की कड़ी निगरानी कर रही है।" इसने कहा कि चीनी गतिविधियों के जवाब में (गश्ती) विमान, नौसेना के जहाजों और तटीय मिसाइल सिस्टम को तैनात कर दिया गया है।"

यह घटना चीन और ताइवान के बीच बढ़ते तनाव दो दर्शाती है। वर्ष 1949 के गृह युद्ध के दौरान ताइवान चीन से अलग हो गया था, लेकिन बीजिंग दो करोड़ से अधिक की आबादी वाले इस द्वीप को अपना क्षेत्र मानता है। वह सैन्य बल के जरिए इसे अपने नियंत्रण में करने की धमकी देता रहा है। इसी साल जनवरी में ताइवान में हुए आम चुनावों के बाद चीन ने 33 विमानों को उसके वायुक्षेत्र में भेजा था। 13 जनवरी को राष्ट्रपति चुनाव में लाई चिंग-ते की जीत से चीन भड़क गया था। क्योंकि चीन उन्हें नापसंद करता है।

पिछले महीने, ताइवान ने कहा था कि उसके आसपास 11 चीनी नौसैनिक जहाजों का पता लगाया गया है। इसके अलावा, मछली पकड़ने वाली नाव की घातक घटना को लेकर ताइपे और बीजिंग के बीच विवाद बढ़ता जा रहा है। चार लोगों को ले जा रही एक चीनी स्पीडबोट 14 फरवरी को ताइवान के किनमेन द्वीप के पास ताइवानी तट रक्षक द्वारा पीछा किए जाने के दौरान पलट गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच गए।

इसके बाद किनमेन द्वीपसमूह के पास चीन द्वारा एक पर्यटक नौका को रोक दिया गया था। इस पर ताइवन ने विरोध जताया जिससे द्वीप में तनाव बढ़ गया। किनमेन द्वीप चीन के तट से कुछ ही दूरी पर है, लेकिन इस पर ताइवान का नियंत्रण है। ताइवान के मीडिया की खबरों में बताया गया कि 11 चालक दल और 23 यात्रियों को ले जा रही नौका ‘किंग जिया’ को चीनी तट रक्षक ने सोमवार को लगभग 32 मिनट तक रोके रखा। बाद में ताइवान के तट रक्षक नौका को वापस किनमेन ले आए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें