लखीसराय में 2 हजार युवाओं का जमघट आज से, मंत्री विजय सिन्हा और ललन सिंह होंगे शामिल, जानें डिटेल
कला संस्कृति मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह उत्सव बिहार के प्रतिभाशाली कलाकारों के लिए एक नया अध्याय लिखेगा। श्री सिन्हा ने शुक्रवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह महोत्सव राज्यभर के युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मंच प्रदान करेगा

प्राचीन मंदिरों, किले और सांस्कृतिक विरासत को अपनी थाती में समेटे ऐतिहासिक शहर बिहार के लखीसराय में आज शनिवार से राज्यभर के सर्वश्रेष्ठ युवा कलाकारों का जुटान होगा। अगले तीन दिनों तक सभी 38 जिलों के तकरीबन 2000 युवा कलाकार प्रदर्श तथा चाक्षुष कला की 19 विभिन्न विधाओं में खुद को सर्वश्रेष्ठ साबित करने की प्रतियोगिताओं में शामिल होंगे।
लखीसराय के गांधी मैदान में 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक राज्य युवा उत्सव आयोजित होगा। उद्घाटन उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे जबकि केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह विशिष्ट अतिथि होंगे।
उप मुख्यमंत्री तथा कला संस्कृति मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह उत्सव बिहार के प्रतिभाशाली कलाकारों के लिए एक नया अध्याय लिखेगा। श्री सिन्हा ने शुक्रवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह महोत्सव राज्यभर के युवाओं को अपनी कला, संस्कृति और प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मंच प्रदान करेगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का एक अनूठा अवसर मिलेगा। जिला युवा उत्सव में प्रथम स्थान लाने वाले युवा कलाकार शामिल हो रहे हैं।इसमें लगभग 2000 से अधिक एकल व समूह कलाकार, विज्ञान मेला के विजेता और अन्य प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। चयनित कलाकारों को पुरस्कृत किया जाएगा।
पिछले साल सारण में हुआ था युवा उत्सव
राज्य युवा उत्सव का आयोजन हर साल किसी एक जिले में किया जाता है। वर्ष 2023 में यह छपरा जबकि 2022 में मुजफ्फरपुर में आयोजित हुआ था। इसके पहले वैशाली, पूर्णिया, मोतिहारी, दरभंगा, मधुबनी, बक्सर आदि शहरों में किया जा चुका है। प्राय हर साल इसका आयोजन विभागीय मंत्री के गृह जिले में ही होता आया है। मसलन सुखदा पांडेय के कार्यकाल में बक्सर, कृष्ण कुमार ऋषि के समय पूर्णिया, शिवचन्द्र राम के कार्यकाल में वैशाली और प्रमोद कुमार के कार्यकाल में मोतिहारी में यह आयोजित हो चुका है। हालांकि मधुबनी, दरभंगा और पूर्णिया में पूर्व में हुए आयोजन इस मामले में अपवाद भी रहे हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान का अवसर
विजेताओं को बिहार का प्रतिनिधित्व करने का गौरव मिलेगा और उन्हें युवा एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने का अवसर मिलेगा। यह महोत्सव न केवल बिहार की संस्कृति और कला को प्रमोट करेगा, बल्कि यह राज्यभर के युवाओं को एकजुट कर उन्हें अपनी क्षमताओं को सामने लाने का एक अद्वितीय मंच प्रदान करेगा। राज्य स्तरीय युवा उत्सव-2024 का आयोजन बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा और उन्हें अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने में मदद करेगा।