बिहार में झुलसा देने वाली गर्मी, गया सबसे गर्म; गोपालगंज समेत 8 जिलों में लू का अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को पटना, सारण, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शेखपुरा, भागलपुर और बांका में लू चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। तीन-चार दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने के आसार नहीं हैं।

पटना, गोपालगंज सहित राज्य के आठ जिलों में सोमवार को लू चलने की चेतावनी है। वहीं शेष जिलों का मौसम गर्म बना रहेगा। इस दौरान लोगों को वास्तविक तापमान से लगभग 5 डिग्री अधिक का तापमान का अनुभव होगा। मौसम विभाग ने सोमवार को पटना, सारण, गोपालगंज, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शेखपुरा, भागलपुर और बांका में लू चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। तीन-चार दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने के आसार नहीं हैं। 14 मई तक प्रदेश के अधिकतर शहरों में लोगों को भीषण गर्मी का एहसास होगा। रविवार को मोतिहारी लू की चपेट में रहा। वहीं रविवार को राज्य के ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
14 मई से उत्तर बिहार में बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 मई से उत्तर-पूर्व और उत्तर-मध्य भाग के जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ ही हल्की बारिश का येलो अलर्ट है। जिस कारण मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं, 15 मई को पटना सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में गरज व तड़क के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। इस दौरान एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार रविवार को रोहतास और नवादा में हल्के स्तर की बारिश हुई, जबकि गोपालगंज और राजगीर में 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
न्यूनतम 31 तो अधिकतम 41 डिग्री के पार
राज्य के न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने से लोगों को रात में भी अधिक गर्मी का एहसास हो रहा है। रविवार को राज्य का न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। आरा का न्यूनतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश का सबसे गर्म शहर 41.8 डिग्री सेल्सियस के साथ गया रहा। जबकि शनिवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस गोपालगंज में रिकॉर्ड हुआ था।
वहीं पटना के न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई और अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। राजधानी का न्यूनतम तापमान 29.4 और अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, लेकिन राजधानी में आर्द्रता की मात्रा 34 प्रतिशत रहने के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक का एहसास हुआ।