विनोदानंद कॉलोनी में जाम पड़े हैं नाले, सड़कों पर जमा गंदा पानी
मधुबनी के वार्ड-15 की विनोदानंद कॉलोनी में जलजमाव की समस्या से लोग परेशान हैं। 10 हजार की आबादी वाली इस कॉलोनी में सड़कों पर जलजमाव और खुले नाले की स्थिति है। लोग स्कूल आने-जाने में कठिनाई का सामना कर...
मधुबनी। शहर का वार्ड-15 स्थित विनोदानंद कॉलोनी में समस्याओं की भरमार है। इससे स्थानीय लोग काफी परेशान रहते हैं। 10 हजार आबादी वाली यह कॉलोनी वर्षों से उपेक्षित है। यह स्टेशन और गोशाला रोड के काफी करीब है या कहें कि शहर की प्रमुख कॉलनियों में से एक है। बावजूद इसके यहां की समस्याओं की अनदेखी स्थानीय लोगों की समझ से परे है। सड़कों पर जलजमाव : कॉलोनी की सड़कों पर जगह-जगह जलजमाव और खुले नाले लोगों की परेशानी के सबब बन गए हैं। हल्की बारिश में ही कॉलोनी के चारों ओर पानी भर जाता है, जिससे न केवल लोगों का आवागमन बाधित हो जात है, घरों में भी गंदा पानी घुस जाता है। इससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासी नवल झा, धीरेन्द्र नारायण झा, गुंजन कश्यप और सुशील कुमार ने बताया कि यह कोई नई समस्या नहीं है। वर्षों से विनोदानंद कॉलोनी के लोग सड़क, जलजमाव, नाला जाम और साफ-सफाई की समस्याओं से जूझ रहे हैं। लेकिन नगर निगम की ओर से आज तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। हर साल बारिश में यही स्थिति रहती है। कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। सबसे ज्यादा समस्या स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को होती है, जिन्हें कीचड़ और गंदगी से होकर गुजरना पड़ता है। इसके अलावा नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है। जिससे बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इस स्थिति से संक्रामण का खतरा लगातार मंडराता है।
सड़क से ऊपर है नाला : स्थानीय नवल झा बताते हैं कि विनोदानंद कॉलोनी में हुए नाला निर्माण में घोर लापरवाही हुई है।
यहां सड़क से ऊपर नाला बना दिया गया है, जिसके कारण बारिश का पानी नालों में समाहित नहीं हो पाता और सड़कों पर ही जमा हो जाता है। इससे कॉलोनी की मुख्य सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी रहती है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। जलमग्न सड़कों पर गड्ढ़ों का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। विशेषकर रात के समय यह रास्ता और भी खतरनाक हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार वे इस जलजमाव की समस्या को लेकर नगर निगम से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है।
कॉलोनी स्थित विद्यालय आने से समस्या : स्थानीय विशंभर यादव बताते हैं कि विनोदानंद कॉलोनी में सड़क पर जलजमाव की समस्या केवल आम लोगों के आवागमन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका प्रभाव बच्चों की शिक्षा पर भी पड़ रहा है। कॉलोनी स्थित विद्यालय परिसर में भी बारिश के दौरान जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क और स्कूल परिसर में भरे पानी के कारण बच्चे गीले कपड़ों में स्कूल पहुंचते हैं, जिससे उनकी तबीयत खराब होने का खतरा बना रहता है। विद्यालय के शिक्षक और अभिभावकों का कहना है कि जलजमाव के कारण बच्चों की पढ़ाई पर सीधा असर पड़ता है।
स्कूल की कक्षाओं में गंदा पानी भरने से पढ़ाई का माहौल प्रभावित होता है। कई बार तो जलभराव के चलते अभिभावक बच्चों को स्कूल भी नहीं भेजते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है बावजूद नगर निगम ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। स्कूल प्रशासन ने भी कई बार संबंधित विभाग को इस बारे में सूचित किया लेकिन केवल आश्वासन मिलते रहे हैं।
वार्ड-15 स्थित विनोदानंद कॉलोनी में जलजमाव की सूचना मिली है। इस संबंध में सफाईकर्मियों को तत्काल नाले की सफाई का निर्देश दिया गया है। वार्ड पार्षद को भी इस विषय में आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता है कि सभी वार्डों में जलजमाव की समस्या से लोगों को जल्द राहत दी जाए। विनोदानंद कॉलोनी में नालों की नियमित सफाई और जल निकासी को लेकर जल्द ही स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाएगा। नगर निगम क्षेत्र में मानसून से पूर्व आवश्यक काम पूरा किये जाएंगे ताकि इस तरह की समस्याएं दोबारा उत्पन्न न हों।
-अरुण राय, मेयर,नगर निगम।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।