Rajiv Gandhi Talent Award Ceremony Honors Top Students in Kajra Market प्रतिभा सम्मान समारोह में छात्र-छात्राओं को मिला प्रशस्ति पत्र, Lakhisarai Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsLakhisarai NewsRajiv Gandhi Talent Award Ceremony Honors Top Students in Kajra Market

प्रतिभा सम्मान समारोह में छात्र-छात्राओं को मिला प्रशस्ति पत्र

प्रतिभा सम्मान समारोह में छात्र-छात्राओं को मिला प्रशस्ति पत्र

Newswrap हिन्दुस्तान, लखीसरायMon, 21 April 2025 03:54 AM
share Share
Follow Us on
प्रतिभा सम्मान समारोह में छात्र-छात्राओं को मिला प्रशस्ति पत्र

कजरा, एक संवाददाता। कजरा बाजार स्थित कृत्यानंद सिंह शॉपिंग कांप्लेक्स में रविवार को राजीव गांधी प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन सामाजिक कार्यकर्ता राजीव कुमार सिंह की अगुवाई में किया गया। कार्यक्रम के दौरान थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित श्रीकिशुन पंचायत से बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा 2025 में प्रथम स्थान से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड आदि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत आईएएस अधिकारी गोरखनाथ सिंह मौजूद थे। उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए आईएएस अधिकारी गोरखनाथ सिंह ने कहा कि अब गांव के बच्चे शहर के बच्चे से किसी भी मायने में पीछे नहीं हैं। गांव के परिवेश में पले-बढ़े बच्चे भी मैट्रिक, इंटर,स्नातक एवं अन्य प्रतियोगिता परीक्षा में महत्वपूर्ण स्थान हासिल कर अपना लोहा मनवा रहे हैं। शिक्षा पर जोड़ देते हुए कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति व समाज के विकास की धूरी है। बालिका शिक्षा को अनिवार्य बताते हुए उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने की नसीहत दी। कहा कि शिक्षा परिवर्तन का एक शक्तिशाली माध्यम है और यह स्वास्थ्य और आजीविका में सुधार करती है और सामाजिक स्थिति में योगदान देती है।दीर्घकालिक आर्थिक विकास को गति देती है। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं के द्वारा उनसे सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के विषय में विस्तार से पूछा। उन्होंने बच्चों को कड़ी मेहनत कर सही दिशा में पढ़ाई- लिखाई करने की सलाह दी। इस दौरान कजरा क्षेत्र से मैट्रिक परीक्षा में 470 अंक लाकर जिले में छठे स्थान प्राप्त करनेवाली वर्षा कुमारी को विशेष रूप से धन्यवाद दिया गया। वहीं कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुंगेर विभाग के विभाग प्रचारक देवेंद्र जी ने कहा कि बिहार में शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ने की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में बिहार में शिक्षा के साथ-साथ खेल में भी बच्चों का भविष्य सुरक्षित है। कार्यक्रम के आयोजक राजीव कुमार सिंह आगे भी इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के मार्गदर्शन एवं उसके उत्साहवर्धन के लिए करने की बात दुहराई। लखीसराय विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे अमरेश कुमार अनीश ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। वहीं शिक्षक आशीष कुमार सिन्हा ने मंच संचालन की भूमिका बखूबी निभाई। मौके पर पोखरामा फाउंडेशन के अध्यक्ष राम छबीला सिंह, रामाश्रय सिंह, रामविलास सिंह, रंजीत पासवान,रेखा कोड़ा, हरिमोहन दास, ब्रह्मदेव मांझी,राजकुमार महतो,मुनेश्वर महतो,अमरकांत पंडित, दीपक सिन्हा,हेमंत कुमार हिमांशु,विजय सिंह आदि मौजूद थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।