कांग्रेस की पदयात्रा को फ्लॉप बताने पर भड़के कन्हैया, बोले- हम कोई फिल्म नहीं बना रहे…
कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार बिहार में अपनी पार्टी की पलायन रोको, नौकरी दो यात्रा के फ्लॉप होने के सवाल पर भड़क गए और कहा कि हम कोई फिल्म नहीं बना रहे हैं।

बिहार कांग्रेस की पलायन रोको नौकरी दो पदयात्रा को फ्लॉप बताने पर पार्टी के नेता कन्हैया कुमार भड़क गए। उन्होंने कहा कि हम कोई फिल्म नहीं बना रहे हैं जो यह हिट या फ्लॉप हो। यह वाकया पटना के सदाकत आश्रम स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुआ। कन्हैया कुमार समेत अन्य नेताओं ने इस पीसी में राहुल गांधी के आगामी बिहार दौरे के बारे में जानकारी दी। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष 15 मई को दरभंगा से शिक्षा न्याय संवाद की शुरुआत करेंगे।
जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार से प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूछा गया कि क्या कांग्रेस की पलायन रोको नौकरी दो पदयात्रा फ्लॉप रही, इसलिए पार्टी अब नया अभियान शुरू करने जा रही है? इस पर कन्हैया भड़क गए। उन्होंने जवाब में कहा कि हम कोई मूवी नहीं बना रहे हैं, जो वह हिट या फ्लॉप होगी। जनता को एकजुट करना एक सतत प्रक्रिया है, जो आगे भी चलती रहेगी।
शिक्षा न्याय संवाद के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और छात्रावासों का दौरा करके छात्रों से बातचीत करेंगे। कन्हैया ने कहा कि बिहार के छात्र शैक्षणिक सत्रों में लेटलतीफी और पेपर लीक जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। जब वे इनके खिलाफ आवाज उठाते हैं, तो राज्य सरकार उनका दमन कर देती है।
बिहार में आगामी महीनों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस ने राज्य में पलायन रोको नौकरी दो पदयात्रा निकाली थी, जिसका नेतृत्व कन्हैया कुमार ने किया था। यह यात्रा जब कन्हैया के गृह क्षेत्र बेगूसराय पहुंची थी, तब राहुल गांधी भी इसमें शामिल हुए थे।
(एजेंसी इनपुट के आधार पर)