छाता लेकर ही घर से निकलें, बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी; यहां ठनका का येलो अलर्ट
Bihar Weather Today: मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पश्चिमी भाग के साथ ही उत्तर-मध्य एवं उत्तर-पूर्व भाग के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में बारिश-ठनका का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
Bihar Weather Today: बिहार में रविवार को आंधी-बारिश की चेतावनी है। इस दौरान 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार है। वहीं सुपौल, दरभंगा, किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। आंधी-बारिश के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पश्चिमी भाग के साथ ही उत्तर-मध्य एवं उत्तर-पूर्व भाग के कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का ऑरेंज अलर्ट है।
वहीं दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में बारिश-ठनका का येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होने का पूर्वानुमान है। वहीं शनिवार को 18 जिलों में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हुई। इस दौरान किशनगंज में सबसे अधिक 34.5 मिलीमीटर बारिश हुई। वहीं कटिहार में 57 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
पटना में आज आंशिक बादल छाये रहेंगे
पटना में रविवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि तापमान में कोई विशेष बदलाव होने के आसार नहीं है। राजधानी के अधिकतम तापमान में 2.5 और न्यूनतम तापमान में 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। पटना का अधिकतम तापमान 35.5 और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। आर्द्रता की मात्रा 57 प्रतिशत रहने के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक का एहसास हुआ। इस कारण लोगों को भीषण गर्मी का अनुभव हो रहा था।