Bihar Asian Womens Hockey Champions Trophy India beats Dragon by 3 0 बिहार एशियन वीमेंस हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी: इंडिया ने ड्रैगन को 3-0 से धोया, शीर्ष पर पहुंची भारतीय टीम, Bihar Hindi News - Hindustan
Hindi NewsBihar NewsBihar Asian Womens Hockey Champions Trophy India beats Dragon by 3 0

बिहार एशियन वीमेंस हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी: इंडिया ने ड्रैगन को 3-0 से धोया, शीर्ष पर पहुंची भारतीय टीम

पूरे मैच में भारत का दबदबा रहा। भारतीय खिलाड़ी चीन की हाफ में चढ़कर खेलती रही। पहला हाफ गोलरहित रहने के बाद दूसरे हाफ की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रमण किया। 32वें मिनट ने संगीता कुमारी ने मैदानी गोल कर टीम का खाता खोला। 37वें मिनट ने कप्तान सलीमा टेटे ने दूसरा गोल दागा।

Sudhir Kumar लाइव हिन्दुस्तान, नालंदाSat, 16 Nov 2024 08:09 PM
share Share
Follow Us on
बिहार एशियन वीमेंस हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी: इंडिया ने ड्रैगन को 3-0 से धोया, शीर्ष पर पहुंची भारतीय टीम

एशियन वीमेंस हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी में शुक्रवार को आराम करने के बाद खिलाड़ी तरोताजा होकर मैदान में उतरीं। दिन के आखिरी और सबसे हाईवोल्टेज मुकाबले में भारत ने चीन को पीटकर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। भारत ने चीन को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हरा दिया। दिन का पहला मुकाबला जापान और मलेशिया के बीच खेला गया। पिछले मुकाबलों की अपेक्षा जापान ने इस मैच में अच्छा खेल दिखाया। जापान ने मलेशिया को 2-1 से मात देकर पूरे तीन अंक हासिल किये। दूसरे मैच में कोरिया ने थाईलैंड को 4-0 से हरा दिया। दोनों टीमों ने जीत के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है।

पूरे मैच में रहा भारत का दबदबा

इंडिया-चीन के इस मैच का दर्शक बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। दोनों टीमों ने पूरा जोर लगाया। हालांकि, घरेलू हालात व दर्शकों के बीच भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। पूरे मैच में भारत का दबदबा रहा। भारतीय खिलाड़ी चीन की हाफ में चढ़कर खेलती रही। पहला हाफ गोलरहित रहने के बाद दूसरे हाफ की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने आक्रमण किया। 32वें मिनट ने संगीता कुमारी ने मैदानी गोल कर टीम का खाता खोला। 37वें मिनट ने कप्तान सलीमा टेटे ने खूबसूरत मैदानी गोल कर टीम की बढ़त को दुगुना कर दिया। खेल के अंतिम तीन मिनटों ने चीन ने कोच ने गोलकीपर को बाहर बुलाकर एक खिलाड़ी को अंदर भेजा। इसके बाद भी चीन को गोल करने में सफलता नहीं मिली। मैच खत्म होने के कुछ सेकंड पहले ही भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला। दीपिका ने इसे गोल में बदलकर बढ़त को 3-0 कर दिया।

अंक तालिका

भारत 12

चीन 9

जापान 5

कोरिया 4

मलेशिया 3

थाईलैंड 1

टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर

दीपिका (भारत) 8

जिनहुआंग टैन (चीन) 4

संगीता कुमारी (भारत) 4

प्रीति दुबे (भारत) 3

लिहांग वांग (चीन) 3

मलेशिया ने जापान को दी कड़ी टक्कर

एशियन वीमेंस हॉकी चैम्पियंस ट्रॉफी में शनिवार को दिन का पहला मुकाबला जापान और मलेशिया के बीच खेला गया। जापान ने मलेशिया को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने का दावा मजबूत कर लिया है। जापान ने मैच में पूरे तीन अंक हासिल किये। जापान अब पांच अंकों के साथ अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, मलेशिया तीन अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।

मैच का पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। दूसरे क्वार्टर के 26वें मिनट में मलेशिया ने नूर मोहम्मद के मैदानी गोल की मदद से बढ़त हासिल कर लिया। इसके बाद जापान के खिलाड़ियों ने आक्रमण की रणनीति अपनायी। 49वें मिनट में जापान की शिहो कोबायाकामा ने फील्ड गोल दागकर मुकाबला बराबर कर दिया। इसके दो मिनट बाद ही मियू हासेगावा ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर बढ़त दिला दी। यह बढ़त अंत तक कायम रही। मैच की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मियू को दिया गया। पूरे मैच में जापान को छह तो मलेशिया को पांच पेनाल्टी कॉर्नर मिले।

कोरिया ने थाईलैंड को 4 गोल से रौंदा

चैम्पियंस ट्रॉफी में शनिवार को दूसरा पूल मैच दक्षिण कोरिया और थाईलैंड के बीच खेला गया। कोरिया ने थाईलैंड को 4-0 से रौंदकर पूरे तीन अंक हासिल किये और सेमीफाइनल की ओर कदम बढ़ा दिया। इस जीत के साथ ही कोरिया चार अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, थाईलैंड मात्र एक अंक के साथ ग्रुप में अंतिम स्थान पर है।

मैच की शुरुआत से ही कोरियाई खिलाड़ियों ने आक्रामक रूख अपना लिया। 90 फीसदी मुकाबला थाईलैंड के हाफ में खेला गया। हालांकि, थाईलैंड की डिफेंस ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए कोरिया के कई हमलों को नाकाम कर दिया। मैच के दौरान कोरिया ने कुल 12 पेनाल्टी कॉर्नर अर्जित किये। वहीं, थाईलैंड को एक भी पेनाल्टी कॉर्नर नहीं मिला। कोरिया को पहली सफलता हाफ टाईम से कुछ सेकंड पहले मिली। 30वें मिनट में यूजीन ली ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर कोरिया को 1-0 की बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर के 40वें मिनट में मिहयांग पार्क ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर टीम की बढ़त को दुगुना कर दिया। मैच खत्म होने के अंतिम दो मिनट में दाहये सीयो ने मैदानी गोल व सूयोन जीन ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर स्कोर 4-0 कर दिया।