Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़भागलपुरFlood Crisis Intensifies in Nathnagar Residents Evacuate as Ganges Swells

रत्तीपुर बैरिया और शंकरपुर में आई बाढ़, चर्च मैदान और महाशय ड्योढ़ी पहुंचने लगे पीड़ित

नगर निगम वार्ड एक और ग्राम पंचायत को जोड़ने वाली मुख्य सड़क में कमर तक

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुरThu, 19 Sep 2024 07:46 PM
share Share

नाथनगर। हिन्दुस्तान प्रतिनिधि प्रखंड क्षेत्र के रत्तीपुर और शंकरपुर पंचायत निवासी दोबारा बाढ़ की विभीषिका झेलने के लिए विवश हो गए है। बाढ़ अब विकराल रूप लेने लगी है। लगातार तीन दिनों से गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण लोगों को फिर से जान माल की चिंता सताने लगी है। करीब 200 परिवार के लोग धीरे-धीरे नाथनगर के चर्च मैदान और महाशय ड्योढ़ी में शरण लेने को विवश दिखाई दे रहे हैं।

गुरुवार को कई लोग चर्च मैदान में अपना आशियाना बनाते दिखे। दो दिनों के अंदर कई पंचायत का शहर से संपर्क भंग हो गया है। रत्तीपुर बैरिया पंचायत का एक मात्र रास्ता नगर निगम के वार्ड नंबर एक श्रीरामपुर बंगाली टोला पुल घाट के नीचे सड़क से था, लेकिन उस सड़क में अब चार से पांच फीट पानी बह रही है। श्रीरामपुर से गोसाईंदासपुर सड़क पर तेज धार से पानी बह रहा है। अजमेरीपुर रसीदपुर के सड़क पर भी यही हाल है, इन सभी गांवों में विद्यालय परिसर में बाढ़ का पानी भर गया है।

उधर दिलदारपुर शंकरपुर, दारापुर, बलुआ टोला में लगभग घरों में  बाढ़ का पानी घुस गया है, लोग ऊंचे स्थान पर शरण लिए हुए हैं। बाढ़ पीड़ितों की मानें तो एक भी निबंधित नाव अंचल प्रशासन द्वारा हमें आने जाने के लिए आवंटित नहीं किया गया है। अजमेरीपुर के कुछ बाढ़ पीड़ित गुरुवार को अपनी निजी डेंगी पर सवार होकर शहर आने को विवश थे। उसी डेंगी पर माल मवेशी का पशुचारा अपने खाने के लिए सुखा राशन लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे। ग्रामीणों की माने तो अधिकांश लोगों की बाइक पानी में डूबकर खराब होने लगी है। छात्र-छात्राओं का पढ़ाई भी ठप हो गया है। वहीं राघोपुर, भूवालपुर और भतोड़िया पंचायत के लोगों की भी कमोवेश ऐसी ही परेशानी है।  

रत्तीपुर बैरिया पंचायत के मुखिया प्रमोद यादव ने बताया कि सीओ से गुरुवार को एक बार बात हुई। उन्होंने पटना में होने की बात कही। सीओ ने बताया कि शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेंगे।  वहीं रत्तीपुर बैरिया पंचायत के सरपंच आशुतोष यादव ने बताया कि अगर गंगा के जलस्तर की वृद्धि का यही रफ्तार रहा तो क्षेत्र के दर्जनों गांवों का शुक्रवार तक स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजी रोजगार पूरा जन जीवन अस्त व्यस्त हो जाएगा। चर्च मैदान और महाशय ड्योढ़ी में जो बाढ़ पीड़ित रह रहे हैं, उन्हें मूलभूत सुविधाओं की सख्त जरूरत है। 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें