बांका में हुई झमाझम बारिश से गर्मी से मिली राहत, मौसम हुआ सुहाना
बांका। एक संवाददाताबांका। एक संवाददाता शनिवार दोपहर बाद बांका जिले में हुई जोरदार बारिश ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत दी। क

बांका। एक संवाददाता शनिवार दोपहर बाद बांका जिले में हुई जोरदार बारिश ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत दी। करीब आधे घंटे तक हुई झमाझम बारिश से जहां आम जनजीवन को सुकून मिला, वहीं तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। लगातार दो दिनों से आसमान में बादल तो थे, लेकिन बारिश नहीं हो रही थी, जिससे उमस और भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा था। शनिवार को मौसम का मिजाज अचानक बदला और दोपहर के बाद करीब 30 मिनट तक तेज बारिश हुई। इस बारिश ने धरती की तपन को शांत कर दिया और वातावरण को शीतल बना दिया।
मौसम सुहाना हो गया और लोगों के चेहरे पर राहत की मुस्कान लौट आई। इस बारिश का लाभ केवल आम लोगों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि किसानों के लिए भी यह फायदेमंद साबित हुई। खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे आगामी फसलों की बुआई की तैयारी में सहूलियत होगी। ग्रामीण क्षेत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कई जगहों पर किसानों ने बारिश के तुरंत बाद खेतों की जुताई शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह बारिश का सिलसिला बना रहा, तो गर्मी से और भी राहत मिलेगी और कृषि कार्यों में भी गति आएगी। मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। कुल मिलाकर शनिवार की दोपहर आई यह बारिश लोगों के लिए राहत की फुहार बनकर आई और मौसम को खुशनुमा बना गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।