Fact Check: रेखा गुप्ता पुराने वीडियो में तलवारबाजी करती आईं नजर? क्या है दावे की सच्चाई
- वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, ‘यह आरएसएस कार्यकर्ता का पुराना वीडियो है। वह एबीवीपी से जुड़ी रही हैं। बीजेपी के लिए लंबे समय तक काम करने के बाद रेखा गुप्ता पहली बार विधायक चुनी गईं। अब वह दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं।’

शालीमार बाग से पहली बार विधायक बनी रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री हैं। रामलीला मैदान में उन्होंने 20 फरवरी को दिल्ली के सीएम के रूप में शपथ ली। इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कोई महिला तलवारबाजी करती नजर आ रही है। इसे लेकर दावा किया जा रहा है कि रेखा गुप्ता का पुराना वीडियो क्लिप है। इसके देखने के बाद इंटरनेट यूजर्स हैरान हैं और तरह-तरह के सवाल कर रहे हैं। यूजर्स की ओर से पूछा जा रहा है कि आखिर इस वीडियो की सच्चाई क्या है? क्या सच में रेखा गुप्ता को तलवारबाजी आती है? चलिए फैक्ट चेक में हम इसका जवाब देते हैं।
वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, 'यह आरएसएस कार्यकर्ता का पुराना वीडियो है। वह एबीवीपी से जुड़ी रही हैं। बीजेपी के लिए लंबे समय तक काम करने के बाद रेखा गुप्ता पहली बार विधायक चुनी गईं। अब वह दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं। रेखा गुप्ता जी को ढेर सारी बधाई।' हालांकि, फैक्ट चेक में यह बात सही नहीं पाई गई कि वायरल वीडियो में तलवारबाजी करती महिला रेखा गुप्ता हैं। जैसा कि इंटरनेट यूजर की ओर से दावा किया जा रहा है। इंडिया टुडे के फैक्ट चेक में सामने आया कि वीडियो में दिख रही महिला रेखा गुप्ता नहीं, बल्कि एक्ट्रेस पायल जाधव हैं।
फैक्ट चेक में क्या निकलकर आया सामने?
रिपोर्ट के मुताबिक, वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च किया गया। इस दौरान पायल जाधव की ओर से शेयर की गई ऐसी ही इंस्टाग्राम पोस्ट मिली। मराठा शासक छत्रपति शिवाजी को श्रद्धांजलि के तौर पर 19 फरवरी की इसे शेयर किया गया था। एक्ट्रेस ने अपने मार्शल आर्ट कौशल का प्रदर्शन किया और इसके लिए महाराष्ट्र के प्रशिक्षण संस्थान 'सव्यसाची गुरुकुलम' को श्रेय दिया। मालूम हो कि पायल जाधव मराठी एक्ट्रेस हैं। उन्होंने साल 2023 में 'बापल्योक' फिल्म से एक्टिंग की शुरुआत की। 'मनवत मर्डर्स' नाम के टीवी सीरीज में भी काम कर चुकी हैं। 'थ्री ऑफ अस' फिल्म में उन्होंने छोटी सी भूमिका निभाई थी। इस तरह साफ है कि वायरल वीडियो दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता का नहीं है और ऐसा दावा पूरी तरह से गलत है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।