Hindi Newsउत्तर प्रदेशMahakumbh 2025: महाकुंभ में बना महारिकॉर्ड, स्नान करने वालों का आंकड़ा 50 करोड़ के पार

Mahakumbh 2025: महाकुंभ में बना महारिकॉर्ड, स्नान करने वालों का आंकड़ा 50 करोड़ के पार

Mahakumbh 2025: महाकुंभ 2025 में आज पहला वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। स्नान करने वालों का आंकड़ा शुक्रवार को 50 करोड़ से पार हो गया। जानें महाकुंभ से जुड़े लाइव अपडेट्स

Mahakumbh 2025: महाकुंभ में बना महारिकॉर्ड, स्नान करने वालों का आंकड़ा 50 करोड़ के पार

Maha Kumbh Mela 2025, in Prayagraj, Uttar Pradesh

Srishti Kunj| हिन्दुस्तान,प्रयागराज | Fri, 14 Feb 2025 10:57 PM
हमें फॉलो करें

Mahakumbh 2025: महाकुंभ में महारिकॉर्ड बना है। शुक्रवार को स्नान करने वालों का आंकड़ा 50 करोड़ के पार हो गया। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ने कहा कि प्रत्येक दिन महाकुंभ में नया रिकॉर्ड बन रहा है। यह अपने आप में विश्व कीर्तिमान है। सुबह नौ बजे चेक्टर चार स्थित रामघाट, घाट, सेक्टर सात स्थित भरद्वाज घाट और सेक्टर नौ स्थित गंगेश्वर घाट पर तीन सौ से 500 लोग गंगा में एक साथ सफाई की गई।जानें महाकुंभ से जुड़े लाइव अपडेट्स

14 Feb 2025, 10:30:39 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: स्वामी अवधेशानंद गिरि शिविर में आएंगे सीएम

Mahakumbh 2025 LIVE: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 फवररी को दोपहर लगभग 12 बजे प्रयागराज पहुंच जाएंगे। यहां से स्वामी अवधेशानंद गिरि शिविर आएंगे। 16 फरवरी को ही स्वामी अवधेशानंद गिरि के शिविर का समापन होगा। सीएम इसके बाद पं. प्रदीप मिश्र की शिवकथा में शामिल होंगे। इस दिन यहां भी कथा का समापन होना है। यहां से मुख्यमंत्री वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की ओर से आयोजित कुम्भ की आस्था और जलवायु परिवर्तन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सुबह 9:15 बजे से शुरू होगा और रात तक चलेगा। अफसरों का कहना है कि मुख्यमंत्री शाम लगभग साढ़े चार बजे प्रस्थान करेंगे। डीएम महाकुम्भ नगर विजय किरन आनंद का कहना है मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को प्रयागराज आएंगे, यहां कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

14 Feb 2025, 09:51:29 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: 16 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी महाकुम्भ में आएंगे

Mahakumbh 2025 LIVE: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 16 फरवरी को प्रयागराज में रहेंगे। मुख्यमंत्री वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की ओर से कुम्भ की आस्था व जलवायु परिवर्तन विषय पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही जूना पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि और जगद्गुरु संतोषाचार्य ‘सतुआ बाबा’ के शिविर जाएंगे। यहां पर शिवचर्चा वाचक पं. प्रदीप मिश्र की कथा में शामिल होंगे।

14 Feb 2025, 08:27:59 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने पत्नी के साथ संगम में लगाई आस्था की डुबकी

Mahakumbh 2025 LIVE: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शुक्रवार को अपनी पत्नी अमृता फडणवीस के साथ यहां संगम में आस्था की डुबकी लगाई और गंगा की आरती की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पत्नी के साथ संगम में स्नान करने के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने संवाददाताओं से कहा, “मैं इस बात को लेकर बहुत खुश हूं कि मैं अपने परिवार के साथ महाकुंभ में आ सका।” उन्होंने कहा, “इस बार का महाकुंभ 144 साल का योग लेकर आया है और ऐसे योग में हमें संगम में स्नान करने का अवसर मिला। यहां की बहुत सुंदर व्यवस्था के लिए मैं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई देना चाहूंगा। यहां एक नया इतिहास और एक नया रिकॉर्ड बन रहा है।”

14 Feb 2025, 06:37:40 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: यूपी को महाकुम्भ से तीन लाख करोड़ का आर्थिक लाभ- योगी

Mahakumbh 2025 LIVE: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि महाकुंभ के आयोजन से प्रदेश की अर्थव्यवस्था में करीब तीन लाख करोड़ रुपये की वृद्धि का अनुमान है। योगी ने कहा कि महाकुम्भ न केवल आस्था का महापर्व है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अनुमान लगाया कि इस आयोजन से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में लगभग 3 लाख करोड़ रुपये की वृद्धि होगी।

14 Feb 2025, 05:53:42 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में अब तक 50 करोड़ से अधिक लोग लगा चुके डुबकी-शेखावत

Mahakumbh 2025 LIVE: प्रयागराज में चले रहे महाकुंभ के संगम में अब तक रिकार्ड 50 करोड़ से अधिक लोग डुबकी लगा चुके हैं और आने वाले समय में महाकुंभ की व्यवस्थाओं को एक केस स्टडी के रूप में अध्ययन किया जायेगा। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शुक्रवार को यहां अपने निवास पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में महाकुंभ में बन रहे रिकार्ड के सवाल पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन महाकुंभ में नया रिकॉर्ड बन रहा है। महाकुंभ में जिस तरह से अब तक लोगों की आवक हुई है, 50 करोड़ से अधिक लोग महाकुंभ में आकर संगम में डुबकी लगा चुके हैं। यह अपने आप में विश्व कीर्तिमान है।

14 Feb 2025, 05:05:55 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार डिवाइडर से टकराई, 2 की मौत

Mahakumbh 2025 LIVE: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के मटसेना थाना क्षेत्र में लखनऊ आगरा एक्सप्रेस-वे पर प्रयागराज महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे इस घटना में दो महिलाओं की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें आगरा भेज दिया गया है।

14 Feb 2025, 03:23:01 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ पर विवादित बयान देने पर सांसद अफजाल अंसारी पर केस दर्ज

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ स्नान को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाले सांसद अफजाल अंसारी पर एक बार फिर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के मामले में 13 फरवरी की रात में शादियाबाद थाने में मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस के अनुसार गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी के खिलाफ जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन देवप्रकाश सिंह ने शादियाबाद थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है। उनकी शिकायत है कि 12 फरवरी को शादियाबाद चौराहे पर गुरू रविदास महाराज जी जनसेवा संस्‍थान ट्रस्‍ट शादियाबाद के तत्‍वावधान में रविदास जी का जन्‍मोत्‍सव मनाया जा रहा था। इस कार्यक्रम के मुख्‍य अतिथि सांसद अफजाल अंसारी थे।

14 Feb 2025, 02:46:09 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: वलसाड और दानापुर के बीच चलेगी कुंभ मेला विशेष ट्रेन

Mahakumbh 2025 LIVE: रेलवे ने वलसाड और दानापुर के बीच कुंभ मेला विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। पश्चिम मध्य रेलवे (पमर) के भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता ने आज बताया कि रेल प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुंभ मेला विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। इसी कड़ी में गाड़ी संख्या 09019/09020 वलसाड–दानापुर–वलसाड कुंभ मेला विशेष ट्रेन (01-01 ट्रिप) चलाई जा रही है। यह ट्रेन भोपाल रेल मंडल के इटारसी स्टेशन पर ठहरकर अपने गंतव्य तक जाएगी।

14 Feb 2025, 02:23:50 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: ममता कुलकर्णी का महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा नामंजूर

Mahakumbh 2025 LIVE: फिल्म जगत से अध्यात्म के क्षेत्र में आईं और हाल में किन्नर अखाड़े के महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा देने वाली ममता कुलकर्णी ने एक वीडियो जारी कर कहा कि उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया गया है और वह किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर बनी रहेंगी। किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से ममता कुलकर्णी के महामंडलेश्वर पद पर बने रहने की पुष्टि की।

14 Feb 2025, 02:08:38 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: केंद्रीय अस्पताल में गूंजी 'राधा' की किलकारी

Mahakumbh 2025 LIVE: सेक्टर-दो स्थित 100 बेड के अत्याधुनिक केंद्रीय अस्पताल में गुरुवार को शाम छह बजे के लगभग चित्रकूट की रहने वाली मुस्कान ने एक बच्ची को जन्म दिया। प्रसव पीड़ा होने पर उसके पति शिवकुमार पत्नी को लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां पर डॉ. यास्मीन और मैट्रन रमा सिंह ने महिला का नार्मल रूप से सुरक्षित प्रसव कराया। शिशु का वजन 2.5 किलो है। मुस्कान का यह पहला बच्चा है। केंद्रीय अस्पताल में पैदा होने वाला यह 14वां बच्चा है।

14 Feb 2025, 01:58:33 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: अब दक्षिण के मेहमान बनेंगे महाकुम्भ के गवाह

Mahakumbh 2025 LIVE: काशी तमिल संगमम कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आए दक्षिण भारत के नागरिक महाकुम्भ प्रयागराज भी आएंगे। इन लोगों को 15 फरवरी से 24 फरवरी के बीच यहां लाया जाएगा। डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ ने काशी तमिल संगमम के कार्यक्रम के तृतीय संस्करण का भव्य रूप से आयोजन कराए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों व विभागों के दायित्व निर्धारित किया। उन्होंने आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

14 Feb 2025, 01:29:51 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में शुरू की गई नासिक कुम्भ की ब्रांडिंग

Mahakumbh 2025 LIVE: अब तक के सबसे सफल माने जा रहे प्रयागराज महाकुम्भ से नासिक कुंभ की ब्रांडिंग शुरू हो गई है। हालांकि नासिक कुंभ वर्ष 2027 में होने वाला है लेकिन महाकुंभ में महाराष्ट्र सरकार की ओर से लगाए गए होर्डिंग श्रद्धालुओं को नासिक आने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। यह प्रयास ठीक उसी तरह से किया जा रहा है, जिस तरह से केंद्र व उप्र सरकार ने मिलकर महाकुंभ के लिए पिछले डेढ़ वर्ष पहले किया था।

14 Feb 2025, 01:11:50 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: विश्व कल्याण के लिए शंकराचार्य का हुआ जन्म

Mahakumbh 2025 LIVE: मप्र संस्कृति विभाग के सहयोग से आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास की ओर से सेक्टर-18 में स्थित एकात्मधाम शिविर में गुरुवार को संगोष्ठी हुई। इस मौके पर रामजन्म भूमि न्यास के कोषाध्यक्ष कथाव्यास स्वामी गोविंददेव गिरि ने कहा कि शंकराचार्य का जन्म विश्व कल्याण के निमित्त हुआ था। शंकराचार्य ने जो कुछ किया वह अन्द्भुत है। उनके जैसा व्यक्तित्व मिलना असंभव है। उनके ग्रंथ केवल शास्त्रार्थ के लिए नहीं, बल्कि मानवता के उत्थान के लिए हैं।

14 Feb 2025, 12:42:10 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: ओम नारायण त्रिपाठी बने कमेटी के अध्यक्ष

Mahakumbh 2025 LIVE: बाघम्बरी क्षेत्र श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष ओम नारायण त्रिपाठी बनाए गए हैं। कमेटी में उपाध्यक्ष डॉ. श्रीधर द्विवेदी व रामाश्रय दुबे, मंत्री आशुतोष द्विवेदी, संयुक्त मंत्री नागेंद्र सिंह व विनोद कुमार पांडेय बने हैं। दिलीप पांडेय, कृष्णमूर्ति मिश्र व केश कुमार तिवारी उपमंत्री बनाए गए। कोषाध्यक्ष हरेंद्र सिंह को बनाया गया।

14 Feb 2025, 12:26:55 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: स्वास्थ्यकर्मी किए जाएंगे सम्मानित

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में स्थापित केंद्रीय अस्पताल और अन्य उप चिकित्सालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टॉफ और स्वास्थ्यकर्मियों को मुख्य सचिव की ओर से जल्द ही सम्मानित किया जाएगा। इस बारे में सूची मांगी गई है।

14 Feb 2025, 12:08:53 PM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: पुष्पा-2 फिल्म के प्रमोशन का वीडियो महाकुंभ से जोड़ा, सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ FIR

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ शुरू होने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी अलग-अलग वीडियो वायरल हो रहे हैं। वहीं कुछ सोशल मीडिया एकाउंट से पुराने वीडियो को महाकुंभ से जोड़कर भ्रम भी फैलाया जा रहा है।

यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

14 Feb 2025, 11:54:26 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: आज सुबह 10 बजे तक 40 लाख से ज्यादा ने किया स्नान

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में आज सुबह 10 बजे तक 40.02 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने स्नान किया। इनमें से 2 लाख से ज्यादा कल्पवासी भी शामिल हैं। लगभग 38.02 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई है। वहीं 13 फरवरी तक 49.14 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने स्नान कर लिया था।

14 Feb 2025, 11:38:52 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में महाजाम को लेकर सीएम योगी के सख्त निर्देश, वरिष्ठ अधिकारी खुद सड़क पर उतरें

Mahakumbh 2025 LIVE: प्रयागराज महाकुंभ में महाजाम को लेकर सीएम योगी के सख्त निर्देश दिए हैं। योगी ने निर्देश दिया है कि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं सड़क पर उतरें। प्रयागराज महाकुंभ नगर, प्रयागराज जनपद, अयोध्या वाराणसी और आसपास के सभी जिलों में कहीं भी सड़क पर जाम ना लगे।

यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

14 Feb 2025, 11:22:39 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: तेज हवा से रोका गया नावों का संचालन

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुम्भ में नाव पर सवार होकर डुबकी लगाने वालों को घाटों पर इंतजार करना पड़ा। तेज हवा चलने के कारण गुरुवार को कम से कम तीन बार नावों का संचालन रोका गया। संगम स्नान करने वाले श्रद्धालु घाटों पर हवा धीमी होने का इंतजार करते रहे। मौसम विभाग के अनुसान आज भी तेज हवाएं चलेंगी।

14 Feb 2025, 11:07:54 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE:मंत्री ने देखी शहर से संगम की सफाई व्यवस्था

Mahakumbh 2025 LIVE: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने गुरुवार को त्रिवेणी घाट से लेकर सिविल लाइंस हनुमान मंदिर तक सफाई व अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर लगे श्रद्धालुओं के वाटर एटीएम, टैप वाटर सिस्टम, शौचालय की सफाई व लाइटिंग आदि व्यवस्थाओं का देखा। उन्होंने माधी पूर्णिमा के बाद स्वच्छता बनाए रखने के लिए निर्देश दिए। सिविल लाइंस हनुमान मंदिर में पवनसुत का दर्शन किया। उन्होंने सफाई मित्रों को धन्यवाद दिया।

14 Feb 2025, 10:41:42 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: दस से पांच लाख हुए कल्पवासी

Mahakumbh 2025 LIVE: माघ महीने के दौरान प्रशासन की ओर से जारी किए जाने वाले स्नान के आंकड़ों में कल्पवासियों की संख्या दस लाख बताई जा रही थी. लेकिन गुरुवार से यह संख्या कम होकर पांच लाख हो गई। प्रशासन के आंकड़ों की मानें तो आधे कल्पवासी यहां से जा चुके हैं।

14 Feb 2025, 10:22:19 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: आगरा से चलेगी मेला स्पेशल

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे कुम्भ मेला विशेष ट्रेन चलाएगा। संचालन प्रयागराज जंक्शन होकर होगा। रेलवे ने समय सारिणी जारी कर दी है। ट्रेन नंबर 01903-01904 आगरा कैंट-कोलकाता कुम्भ मेला विशेष ट्रेन आगरा से 17, 20 व 24 फरवरी को संचालित की जाएगी। कोलकाता से यह ट्रेन 19, 22 और 26 फरवरी को चलाई जाएगी। आगरा कैंट से यह ट्रेन रात 8 बजे चलकर दूसरे दिन सुबह 4:10 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। जंक्शन से प्रस्थान का समय 4:15 बजे होगा।

14 Feb 2025, 10:06:03 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में 17 तक चलेंगी 2250 अतिरिक्त बसें, ट्रैफिक सुधरने से बिना बाधा पहुंच रहे संगम

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में में लगातार आ रही भीड़ को देखते हुए सड़क परिवहन निगम 15 से 17 फरवरी तक 2250 अतिरिक्त बसें चलाएगा। प्रशासन का आकलन है कि शनिवार और रविवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम स्नान के लिए प्रयागराज पहुंचेंगे।

यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

14 Feb 2025, 09:53:05 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: माघी पूर्णिमा पर 12497 ने की हवाई यात्रा

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुम्भ के माघी पूर्णिमा स्नान पर्व पर 12497 यात्रियों ने हवाई यात्रा की। इनमें 6255 यात्री देश के अलग-अलग शहरों से प्रयागराज एयरपोर्ट पर आए और यहां से 6242 यात्री गए। पूरे दिन में 78 यात्री विमानों का संचालन किया गया। इनके अलावा 43 निजी विमान आए और गए।

14 Feb 2025, 09:34:17 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में आज नदी स्वच्छता का बनेगा पहला वर्ल्ड रिकॉर्ड, 500 लोग करेंगे गंगा की सफाई

Mahakumbh 2025 LIVE: शुक्रवार सुबह नौ बजे चेक्टर चार स्थित रामघाट, सेक्टर सात स्थित भरद्वाज घाट और सेक्टर नौ स्थित गंगेश्वर घाट पर तीन सौ से 500 लोग गंगा में एक साथ सफाई करेंगे और नया विश्व रिकॉर्ड बनेगा। अफसरों का कहना है कि अब तक ऐसा रिकॉर्ड नहीं बनाया गया है।

यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर

14 Feb 2025, 09:16:27 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: 34 हजार में रांची से प्रयागराज की यात्रा

Mahakumbh 2025 LIVE: देहरादून से प्रयागराज की फ्लाइट का 15 फरवरी का किराया 21 से 38 हजार रुपये तक पहुंच गया है। दून से वाराणसी का सफर विमानन कंपनियां 21 से 24 हजार में करा रही हैं। जबकि रांची से प्रयागराज के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया 34 हजार है। 14-15 फरवरी तक रांची से दिल्ली तक का किराया लगभग दस हजार है।

14 Feb 2025, 09:07:26 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: लखनऊ-दिल्ली का टिकट दोगुने से अधिक महंगा

Mahakumbh 2025 LIVE: दिल्ली से प्रयागराज का किराया सामान्य दिनों में पांच हजार के करीब रहता है, तो वहीं 25 फरवरी तक यह 13 हजार पर पहुंच गया। लखनऊ से दिल्ली का किराया 2300 से लेकर चार हजार के बीच रहता है, पर मौजूदा समय में यह 10 हजार तक है। मुंबई का किराया भी पांच से 14 हजार रुपये पहुंच गया है।

14 Feb 2025, 09:07:23 AM IST

Mahakumbh 2025 LIVE: महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि पर जानलेवा हमला

Mahakumbh 2025 LIVE: किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कल्याणी नंद गिरि उर्फ छोटी मां पर गुरुवार रात में आधा दर्जन युवकों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बीच बचाव करने के दौरान उनकी चार शिष्याएं भी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना मेला क्षेत्र के सेक्टर नंबर 16 में हुई बताई जा रही है।

पाएं Lucknow news , Prayagraj News , Varanasi News , Azamgarh News ,Gorakhpur News , Kanpur News , Aligarh News से जुड़ी ताजा खबरें हिंदी में | लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , एजुकेशन न्यूज़ , धर्म ज्योतिष , राशिफल , और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।