Mahakumbh 2025: महाकुंभ में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने और भारी भीड़ से निपटने के लिए रेलवे और स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं के वास्ते कई नयी व्यवस्थाएं की हैं। कई क्षेत्रों में व्यापक जाम और अन्य परेशानियों के बावजूद महाकुंभ नगर तथा वाराणसी में लोगों के पहुंचने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। महाकुंभ में स्नान के लिये आने वाले श्रद्धालुओं में से बड़ी संख्या ऐसे लोगों की भी है जिनकी यहां से आगे वाराणसी और अयोध्या जाने की योजना है।
प्रयाराज महाकुंभ में सोमवार सुबह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंचीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को यहां संगम में डुबकी लगाई। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रपति सुबह विशेष विमान से प्रयागराज हवाई अड्डे पर पहुंचीं, जहां राज्य की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। वहां से वह अरैल पहुंचीं और नाव से संगम पहुंचकर स्नान किया। महाकुंभ में राष्ट्रपति संगम में पूजा अर्चना करने के साथ ही अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना भी किया। देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद ने भी महाकुंभ के दौरान संगम में स्नान किया था।
वहीं महाकुंभ में स्नान करने वालों की संख्या दिन-प्रतिदिन नए रिकार्ड बना रही है। रविवार की रात तक प्रयागराज महाकुंभ में करीब 44 करोड़ लोगों ने स्नान कर लिया। रविवार को ही दस लाख कप्लवासियों ने स्नान किया। इसके अलावा 1.47 लाख पर्यटकों ने स्नान किया। शनिवार तक करीब 42 करोड़ लोगों ने स्नान किया था। स्नान करने वालों की संख्या करीब 50 करोड़ पार करने की उम्मीद है।
10 Feb 2025, 09:49:58 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: किन्नर अखाड़े में 10 संतों का हुआ पट्टाभिषेक
किन्नर अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और मजबूती के लिए सोमवार को ब्रह्मबेला में किन्नर अखाड़ा में पांच महामंडलेश्वर और पांच श्रीमहंत का पट्टाभिषेक किया।
उन्होंने बताया कि सनातन धर्म की मजबूती के लिए देश और विदेश के लोगों को जोड़ा जा रहा है जिससे कि सनातन धर्म को मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि देश में कई स्थानों से धर्म परिवर्तन की खबरें आ रही है उसको सख्ती से रोका जाएगा और सनातन धर्म को मजबूती प्रदान की जाएगी।
अखाड़े में पूनम नंद गिरि, आशानंद गिरि और दिल्ली से श्रीजी नंद गिरि, सीतापुर से काजल नंद गिरि और वृंदावन से मनुनंद गिरि को महामंडलेश्वर बनाया गया है। इंदौर से अंबिका नंद गिरि, प्रयागराज से संध्या नंद गिरि और संजनानंद गिरि, मुम्बई से नवनीतनंद गिरि, पालघर से अन्विता नंद गिरि और भाविका नंद गिरि को श्रीमहंत बनाया गया है। पट्टाभिषेक कार्यक्रम में किन्नर अखाड़ा की महामंडलेश्वर स्वामी कौशल्यानंद गिरि,महामंडलेश्वर स्वामी मनिकंडन, महामंडलेश्वर स्वामी कनकेश्वरी नंद गिरि, महामंडलेश्वर स्वामी कल्याणीनंद गिरि, महामंडलेश्वर स्वामी सतीश नंद गिरि आदि मौजूद रहे।
10 Feb 2025, 09:22:51 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ से महाजाम, बनारस से अयोध्या पहुंचने में लग गए 36 घंटे
महाकुंभ नगरी प्रयागराज से संगम स्नान कर आ रहे श्रद्धालुओं के कारण अयोध्या रामनगरी ठसाठस भर गई है। महाकुंभ से स्नान कर रोज दस लाख से अधिक श्रद्धालु रामनगरी पहुंच रहे हैं। इसके चलते अयोध्या का रास्ते भीषण जाम की चपेट में हैं। हालत यह है कि काशी से अयोध्या पहुंचने में 36 घंटे से अधिक समय लग रहा है। प्रयागराज से सीधे अयोध्या पहुंचने में भी 15 घंटे से कम समय नहीं लग रहा है। अयोध्या में शायद की कोई गली मोहल्ला हो जहां श्रद्धालुओं की आमद न हो। कुछ क्षेत्रों में पैदल चलना भी मुश्किल है। भीड़ को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने दोपहर से परिसर के प्रवेश द्वार पर तीर्थ यात्री सेवा केंद्र एवं तीर्थ यात्री सुविधा केंद्र दोनों में ही लाकर सेवा बंद कर दी। यहां आए सभी दर्शनार्थियों को सोमवार को भी उनके साजो सामान के साथ ही दर्शन के लिए भेजा जा रहा है।
यहां पढ़ें पूरी खबर: महाकुंभ से महाजाम, बनारस से अयोध्या पहुंचने में लग गए 36 घंटे
10 Feb 2025, 09:00:31 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: प्रयागराज महाकुंभ में जयपुर की डा मेघा शर्मा ने नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की स्वास्थ्य सुविधाओं के मद्देनजर जयपुर की डा मेघा शर्मा ने एक विशेष निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया है।
इस शिविर में होम्योपैथी, वैकल्पिक चिकित्सा और ज्योतिष के माध्यम से सैकड़ों लोगों को निःशुल्क इलाज प्रदान किया गया। मौनी अमावस्या के दिन जब शाही स्नान के दौरान भारी भीड़ उमड़ी, उस समय इस शिविर ने कई लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस पहल के तहत भगदड़ जैसी आपातकालीन स्थिति में भी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई।
10 Feb 2025, 07:55:09 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: आगरा में ट्रक की टक्कर से महाकुंभ से लौट रहे कार सवार पति-पत्नी की मौत
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के चित्राहाट थाना इलाके में महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार और एक ट्रक की भीषण टक्कर में पति-पत्नी की मौत हो गयी जबकि चार अन्य लोग घायल हो गये। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार सोमवार को थाना चित्राहाट इलाके में सहायपुर गांव के पास ये हादसा हुआ। कार सवार छह लोग महाकुंभ से स्नान करके लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी कार एक बड़े ट्रक से टकरा गयी। इस हादसे में महेंद्र प्रताप (50) और उनकी पत्नी भूरी देवी (48) की मौत हो गयी जबकि एक वृद्ध महिला समेत चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में घायल हुए लोगों को बेहतर सुविधाओं वाले केंद्र रेफर किया गया है।
10 Feb 2025, 06:53:38 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: ऑस्ट्रेलियाई दंपति ने कुंभ में लगाई डुबकी
महाकुम्भ में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) के सांस्कृतिक राजदूत और मल्टीकल्चरल प्रोग्राम के हेड डॉ. आशुतोष मिश्रा अपनी पत्नी श्वेता के साथ भारत आए और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद संगम त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाई। ऑस्ट्रेलियाई दंपति अपनी शादी की 25वीं वर्षगांठ मनाने भारत पहुंचे और 144 साल बाद आए महाकुंभ के गवाह बने। उनका कहना है कि बाबा विश्वनाथ की मंगल आरती और संगम में दिव्य स्नान कर हमारा जीवन सफल हो गया है।
10 Feb 2025, 06:29:34 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संगम में डुबकी लगाई, अक्षयवट, बड़े हनुमान जी के दर्शन किए
ष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ-2025 के त्रिवेणी संगम में सोमवार को डुबकी लगाई और बड़े हनुमान जी, अक्षयवट और सरस्वती कूप के दर्शन किया। एइस दौरान प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति सुबह विशेष विमान से प्रयागराज हवाई अड्डे पहुंचीं, जहां राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। वहां से वह अरैल पहुंचीं और नाव से संगम पहुंचकर स्नान किया। अधिकारियों के अनुसार, नाव से संगम घाट जाते समय आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति मुर्मू को गंगा और यमुना नदी तथा उसके प्रवाह के बारे में जानकारी दी।
10 Feb 2025, 06:06:36 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रयागराज स्टेशन बंद होने की खबरों को बताया अफवाह
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रयागराज स्टेशन बंद होने की खबरों को महज अफवाह करार देते हुए सोमवार को कहा कि क्षेत्र के सभी आठ स्टेशनों से रेलगाड़ियों का परिचालन सुचारू और सुव्यवस्थित तरीके से हो रहा है। रेल मंत्री ने रेल भवन में मीडिया से कहा कि श्रद्धालुओं को स्टेशन बंद होने की अफवाहों पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रयागराज के सभी आठ स्टेशनों पर रेलगाड़ियों का परिचालन सुचारू और बहुत सुव्यवस्थित है। रेलवे राज्य प्रशासन के साथ बहुत ही समन्वित तरीके से काम कर रहा है। कल प्रयागराज महाकुंभ क्षेत्र स्टेशन से देश के विभिन्न स्थानों के लिए 330 रेलगाड़ियां रवाना हुईं। इन रेलगाड़ियों में कुल 12.5 लाख श्रद्धालुओं ने यात्रा की।’’
10 Feb 2025, 05:33:48 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: रूट डायवर्जन से यात्री परेशान
संतकबीरनगर जिले में बाहर से आने वाली बसें रूट डायवर्जन से कम आ रही हैं। इससे यात्री परेशान हो रहे हैं। महाकुंभ से होकर अयोध्या आ रहे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते रूट डायवर्जन किया गया है। आयोध्या-फैजाबाद में लग रहे जाम व रूट डायवर्जन के चलते गोरखपुर, बस्ती, लखनऊ, कानपुर समेत अन्य शहरों को जाने वाले लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
10 Feb 2025, 04:46:48 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से कुछ दिन प्रयागराज की यात्रा न करने की अपील की
महाकुंभ जाने वाले वाहनों की वजह से मध्यप्रदेश के कई जिलों में भारी यातायात जाम के बीच, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को श्रद्धालुओं से अगले कुछ दिन प्रयागराज की ओर न जाने का आग्रह किया। पिछले कुछ दिनों में, जबलपुर, सिवनी, कटनी, मैहर, सतना और रीवा जिलों में भारी यातायात जाम देखा गया, क्योंकि बड़ी संख्या में लोग वाहनों से महाकुंभ के लिए प्रयागराज की ओर जा रहे हैं।
10 Feb 2025, 03:49:51 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ को लेकर अनर्गल प्रलाप बंद करिए, केशव मौर्य का अखिलेश यादव पर हमला
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव महाकुंभ में होने वाली अव्यवस्था को लेकर लगातार योगी सरकार पर निशाना साध रहे हैं। एक्स पर ट्वीट कर महाकुंभ का हाल बता रहे हैं। हालांकि अब यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उन पर तीखा हमला बोला है। डिप्टी सीएम ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि वह महाकुंभ को लेकर अनर्गल प्रलाप बंद कर दें। सरकार श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी हुई है।
यहां पढ़ें पूरी खबर: महाकुंभ को लेकर अनर्गल प्रलाप बंद करिए, केशव मौर्य का अखिलेश यादव पर हमला
10 Feb 2025, 02:46:08 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: तेलंगाना के मंत्री वेंकट रेड्डी ने महाकुंभ में डुबकी लगाई
तेलंगाना के सड़क व भवन मंत्री कोमाटीरेड्डी वेंकट रेड्डी ने सोमवार को प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में डुबकी लगाई। उन्होंने बताया कि उन्होंने राज्य सरकार व राज्य के लोगों की कल्याण के लिए प्रार्थना की। प्रयागराज में संगम की अपनी यात्रा का एक वीडियो पोस्ट कर 'एक्स' पर लिखा, “तेलंगाना के लोगों की खुशी, समृद्धि और कल्याण तथा गरीबों की सेवा करने के लिए हमारी सरकार की शक्ति के लिए गंगाम्मा से प्रार्थना की।”
10 Feb 2025, 02:21:16 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस ट्रक से टकराई, 2 महिलाओं की मौत
इटावा जिले में सोमवार सुबह महाकुंभ से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस के ट्रक से टकरा जाने के कारण दो महिलाओं की मौत हो गई और 21 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में एशियन हाईवे पर भरथना मार्ग के पुल पर एक बस आगे निकलने की कोशिश में ट्रक से टकराकर पलट गई। उन्होंने बताया कि बस में सवार लोग प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में स्नान करने के बाद नोएडा लौट रहे थे। बस में सवार मीरा तथा नीलू नामक महिलाओं की मौत हो गयी और 21 अन्य लोग घायल हो गए।
10 Feb 2025, 11:28:50 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: दस बजे तक 63.75 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
दस बजे तक 63.75 लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान। इनमें दस लाख कल्पवासी भी हैं शामिल।
10 Feb 2025, 10:33:37 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: फ्लोटिंग जेटी से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पहुंच रहीं संगम
फ्लोटिंग जेटी से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी संगम पहुंच रहे हैं।
10 Feb 2025, 10:20:33 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: विद्वत महाकुंभ में जुटे फिल्म-कला के सितारे
परमार्थ निकेतन शिविर और त्रिवेणी पुष्प में आयोजित तीन दिवसीय विद्वत महाकुम्भ का रविवार को समापन हुआ। कार्यक्रम में स्वामी चिदानन्द सरस्वती एवं साध्वी भगवती सरस्वती के सान्निध्य में मशहूर फिल्म-धारावाहिक निर्माता एकता कपूर, अभिनेता पंकज त्रिपाठी, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, विदुषी रमा वैद्यनाथन, मिथिलेश नंदिनी, भरतनाट्यम नृत्यांगना, डॉ सोनल मानसिंह, पद्मश्री प्रतिभा पहलाद समेत कई विभूतियों ने मंच साझा किया।
10 Feb 2025, 10:16:59 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: सुबह आठ बजे तक 46.19 लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान
सुबह आठ बजे तक 46.19 लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान। इनमें दस लाख कल्पवासी भी हैं शामिल।
10 Feb 2025, 08:34:02 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: अफवाह फैलाने वाले 14 एक्स एकाउंट पर कार्रवाई हुई
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ से संबंधित फर्जी और भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों के खिलाफ यूपी पुलिस सख्त रवैया अपना रही है। इसी कड़ी में 14 एक्स (ट्विटर) एकाउंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। डीजीपी प्रशांत कुमार के निर्देश पर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों की लगातार मानीटरिंग की जा रही है।