Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Under Yogi government, bulldozers were used extensively on the property of criminals,

योगी सरकार में अपराधियों की संपत्ति पर खूब चला बुलडोजर,अतीक-मुख्तार की हजार करोड़ की संपत्ति जमींदोज हुई

यूपी की योगी सरकार में अपराधियों की संपत्ति पर बुलडोजर खूब चला। अतीक-मुख्तार और विकास दुबे की करोड़ों की संपत्ति जमींदोज कर दी गई।

Deep Pandey हिन्दुस्तानTue, 3 Sep 2024 05:28 AM
share Share

यूपी में कानून व्यवस्था को सुधारने में योगी सरकार का बुलडोजर खूब चला। वर्ष 2020 में कानपुर के बिकरू गांव में एक सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी माफिया विकास दुबे का घर बुलडोजर से जमीदोंज कर दिया गया था। तब दो जुलाई की रात इसी घर की छत से पुलिस वालों पर हमला किया गया था। बुलडोजर से योगी सरकार की यह पहली बड़ी कार्रवाई थी। इसके बाद से माफिया मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद के अलावा हत्या, लूट-रेप के आरोपितों की सम्पत्ति भी बुलडोजर से ढहा दी गई। दावा किया गया था कि सिर्फ मुख्तार व अतीक के कब्जे वाली करीब 1000 करोड़ रुपये की सम्पत्ति बुलडोजर से ढहा दी गई थी। इन चार साल में इसके अलावा भी कई अपराधियों की सम्पत्ति पर बुलडोजर चला।

अयोध्या व कन्नौज में रेप के आरोपितों की सम्पत्ति ढहाई गई

अयोध्या में समाजवादी पार्टी के नेता मोईद खान सामूहिक रेप के आरोप में फंसे। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। गिरफ्तारी के बाद 22 अगस्त को अयोध्या में 40 दुकानों वाले उसके शापिंग काम्पलेक्स पर बुलडोजर चला दिया गया। इसी दिन कन्नौज में नाबालिग से रेप के आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव के रिश्तेदार के नाम बने कोल्ड स्टोरेज पर बुलडोजर चला। यह कोल्ड स्टोरेज ग्राम समाज की जमीन पर बना था। पुलिस ने कहा कि नवाब सिंह ने इस कोल्ड स्टोरेज को अपने रिश्तेदार के नाम से बनवाया था।

अतीक और मुख्तार की सम्पत्तियां जमीदोंज की गई

एक समय आतंक का पर्याय बने माफिया अतीक अहमद व मुख्तार अंसारी की तूती बोलती रही थी। योगी सरकार में इनका आतंक समय के साथ खत्म होने लगा था। पिछले साल अप्रैल, 2023 में अतीक की हत्या के बाद उसकी सम्पत्तियों पर बुलडोजर चलता रहा। राजू पाल की हत्या के अहम गवाह उमेश पाल की हत्या के बाद ही अतीक अहमद व उनके बेटों के फरार रहने पर योगी सरकार ने उनके कब्जे वाली अवैध सम्पत्तियों को ढहा दिया था। हालांकि बाद में अतीक व उनके भाई अशरफ की अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के बाद हत्या कर दी गई थी। एक बेटा भी मुठभेड़ में मार गिराया गया था। प्रशासन ने दावा किया था कि अतीक के कब्जे से करीब 750 करोड़ रुपये की सम्पत्ति बुलडोजर से ढहाकर खाली करायी गई थी। यही हश्र मुख्तार अंसारी का भी हुआ था। उसके कब्जे वाली करीब 300 करोड़ की सम्पत्ति पर बुलडोजर चला था। इसमें डालीबाग वाली ढहाई गई बिल्डिंग भी शामिल है। इसी साल 28 मार्च को मुख्तार की जेल में तबियत बिगड़ने पर मौत हो गई थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें