Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़Priyanka Gandhi emotional post Kishori bhaiya Congress candidate leads Smriti Irani

'किशोरी भैया, मुझे तो...', स्मृति इरानी को पछाड़ने वाले कांग्रेस नेता को प्रियंका गांधी का इमोशनल मैसेज

अमेठी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार स्मृति इरानी कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा से पीछे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, अब तक की मतगणना में स्मृति कांग्रेस प्रत्याशी से 1,59,240 मतों से पीछे रहीं।

Niteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊTue, 4 June 2024 11:51 AM
share Share

यूपी की अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा मतगणना के दौरान आगे चल रहे हैं। वह केंद्रीय मंत्री व बीजेपी लीडर स्मृति इरानी के खिलाफ निर्णायक बढ़त बनाए हुए हैं। इसे लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भावुक भरा पोस्ट किया। उन्होंने मंगलवार को कहा कि उन्हें यकीन था कि किशोरी भैया जीतेंगे। प्रियंका गांधी ने शर्मा के साथ की अपनी पुरानी तस्वीर साझा करते हुए एक्स पर पोस्ट किया, 'किशोरी भैया, मुझे कभी कोई शक नहीं था। मुझे शुरू से यकीन था कि आप जीतोगे। आपको और अमेठी के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई।'

अमेठी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार स्मृति इरानी कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा से पीछे हैं। निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अब तक की मतगणना में स्मृति इरानी कांग्रेस प्रत्याशी शर्मा से 1,59,240 मतों से पीछे हैं। शुरुआत से ही बढ़त कायम रखते हुए शर्मा आगे के दौर में मजबूत हो गए। 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को इरानी ने हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इस तरह स्मृति इस सीट से लगातार दूसरी बार मैदान में हैं। अमेठी लोकसभा सीट नेहरू-गांधी परिवार का सियासी गढ़ मानी जाती रही है। शुरुआत में अटकलें थीं कि कांग्रेस इस बार भी अमेठी से राहुल गांधी को मैदान में उतार सकती है, लेकिन मगर ऐन वक्त पर पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के करीबी सहयोगी किशोरी लाल शर्मा को मैदान में उतार दिया।

पीएम मोदी के कटाक्षों पर प्रियंका ने कसे तीखे तंज
प्रियंका गांधी ने लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कटाक्षों पर तीखे तंज के जरिए पलटवार किया। अपने पिता की हत्या की दर्दनाक यादों का उल्लेख करते हुए उन्होंने अपने परिवार के बलिदान को लोगों के सामने रखा। वह एक के बाद एक रैलियों में भारी भीड़ जुटाकर प्रियंका अपनी पार्टी के लिए मुख्य प्रचारक के तौर पर उभरीं। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन के साथ ही प्रियंका गांधी वाद्रा ने पार्टी में अपनी स्थिति को भी मजबूत किया है। प्रियंका गांधी काफी हद तक कांग्रेस की गतिविधियों के केंद्र में रहीं और उन्होंने इस चुनाव अभियान में लगातार आक्रामक प्रचार किया। बेंगलुरु में उनकी उस भावुक अभिव्यक्ति को कौन भूल सकता है, जब उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर उनके सोने और मंगलसूत्र वाले बयान को लेकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि उनकी मां सोनिया गांधी ने देश के लिए अपना मंगलसूत्र बलिदान कर दिया था।
(एजेंसी इनपुट के साथ)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें