भाजपा देश को जाति, धर्म में बांटकर नफरत फैला रही : श्याम लाल
Shahjahnpur News - समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मीरानपुर कटरा में भाजपा और प्रदेश सरकार की आलोचना की। उन्होंने भाजपा को संविधान और पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों का विरोधी बताया और पीडीए एकता को...

मीरानपुर कटरा। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक करते हुए भाजपा और प्रदेश सरकार की बखिया उधेड़ी। भाजपा को संविधान और पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों का विरोधी बताते हुए पीडीए एकता को मजबूत करने का आवाहन किया। कहा भाजपा देश को जाति, धर्म में बांटकर नफरत फैला रही है। संविधान और देश के हित में भाजपा सरकारों को देश प्रदेश से हटाना बेहद जरूरी है। प्रदेश अध्यक्ष ने पूर्व विधायक राजेश यादव के पैतृक गांव सिउरा स्थित डिग्री कालेज परिसर में जनपद के पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा भाजपा को झूठ बोलने और साजिश करने में महारथ है।
बोले भाजपा सत्ता पर काबिज रहने के लिए प्रदेश और देश में जाति धर्म के नाम पर नफ़रत फैला रही है। भाजपा की सरकार में प्रदेश में कानून व्यवस्था ठप है। देश प्रदेश में बेरोज़गारी, मंहगाई, भ्रष्टाचार से बुरा हाल है। जनता को धार्मिक मुद्दों में उलझाकर ध्यान भटकाया जा रहा है। संविधान और आरक्षण को समाप्त करके गरीब पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकार सरकार हड़पने का प्रयास कर रही है। इसे बचाने के लिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक को एकजुट होना जरूरी है। कहा हर विधानसभा क्षेत्र में गांव गांव पीडीए बैठक आयोजित कर भाजपा की नीति और नियत का पर्दाफाश करना है। हर वर्ग के पीड़ित और दमित के साथ खड़े होने और अन्याय का मुकाबला करने की कार्यकर्ताओं को नसीहत की। 27 में प्रदेश से भाजपा सरकार हटाकर पीडीए सरकार लाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए अभी से जुटने का आवाहन किया। सपा जिलाध्यक्ष तनवीर खां ने भाजपा सरकार को लोकतंत्र विरोधी अत्याचारी सरकार बताया। कहा भाजपा सरकार में दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और गरीब वर्ग के अधिकार हड़पे जा रहे हैं। कानून व्यवस्था ठप्प है। भ्रष्टाचार चरम पर है। संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। भाजपा की सरकार हटाने के लिए पीडीए एकता कायम करने और एकजुट होकर अन्याय और अत्याचार का मुकाबला करने की अपील की। पूर्व एमएलसी राजपाल कश्यप ने नेताओं का परिचय कराया। संचालन जितेन्द्र सिंह अड्डू ने किया। पूर्व एमएलसी अमित यादव रिंकू, पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा, अवधेश वर्मा, गायत्री वर्मा, रणंजय यादव, आरिफ हुसैन पप्पू, गायत्री वर्मा, सुमन पाल आदि तमाम पार्टीजन और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।