Notification Icon
Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़मेरठMeerut-Delhi Rapid Rail Over 32 000 Passengers Travel on Raksha Bandhan with Namo Bharat High-Speed Train

नमो भारत : शुरू हुआ नियमित संचालन, रक्षाबंधन पर यात्रियों की भीड़ ने तोड़ा रिकार्ड

मेरठ-दिल्ली रैपिड रेल कॉरिडोर की नमो भारत हाईस्पीड ट्रेन सेवा रक्षाबंधन के दिन शुरू हुई। सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक 64 फेरों में 32 हजार से अधिक यात्रियों ने सफर किया। यात्रियों ने सरकार को धन्यवाद...

Newswrap हिन्दुस्तान, मेरठMon, 19 Aug 2024 07:55 PM
share Share

मेरठ। दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल कॉरिडोर की मेरठ दक्षिण स्टेशन से नमो भारत हाईस्पीड ट्रेन की नियमित सेवा रक्षाबंधन के दिन सोमवार से शुरू हो गई। सुबह छह बजे पहली नमो भारत साहिबाबाद के लिए रवाना हुई। सुबह तो भीड़ कम रही, लेकिन दोपहर 12 बजे से शाम सात बजे तक नमो भारत में यह स्थिति हो गई कि यात्री छह कोच में खड़े होकर गए। यात्रियों को राहत रही कि मात्र 30 मिनट में मेरठ दक्षिण से साहिबाबाद, गाजियाबाद पहुंच गए। यात्रियों ने इसके लिए सरकार को धन्यवाद दिया। वहीं रक्षाबंधन पर पहले दिन 32 हजार से अधिक यात्रियों ने सफर किया। रविवार को नमो भारत की सेवा दोपहर दो बजे से प्रारंभ हुई थी। घोषणा के अनुसार सोमवार को रक्षाबंधन के दिन सुबह छह बजे से नियमित संचालन शुरू हुआ। सुबह छह बजे पहली नमो भारत साहिबाबाद के लिए रवाना हुई, वहीं साहिबाबाद से पहली नमो भारत करीब 6.30 बजे मेरठ दक्षिण स्टेशन पहुंची। सुबह यात्रियों की संख्या कम रही, लेकिन जैसे-जैसे दिन का समय बढ़ने लगा तो मेरठ दक्षिण स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी। एनसीआरटीसी अधिकारियों के अनुसार दोपहर 12 बजे के बाद यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने लगी। एक बजे के बाद के फेरों में यात्रियों की संख्या इतनी बढ़ गई कि लोग खड़े होकर साहिबाबाद की ओर रवाना हुए। शाम सात बजे तक कुछ ऐसी ही स्थिति रही।

दिल्ली के मेट्रो जैसी भीड़ देखने को मिली। हालांकि 15-15 मिनट पर सेवा मिलने और मात्र 30 मिनट में साहिबाबाद, गाजियाबाद पहुंचने से यात्रियों को राहत मिली। रात 10 बजे तक संचालन हुआ।

---------------

रैपिड के 64 फेरों से बहनों की यात्रा हुई आसान

एनसीआरटीसी अधिकारियों के अनुसार सुबह छह बजे से रात्रि 10 बजे के बीच रैपिड के 64 फेरों ने रक्षाबंधन पर बहनों की यात्रा को आसान कर दिया। 15-15 मिनट पर संचालन से एक घंटे में चार फेरे लगे। इस तरह सुबह छह बजे से रात 10 बजे के बीच कुल 64 फेरे लगे। एक बार में 1400 यात्रियों के सफर करने की क्षमता है। इस तरह सुबह से रात तक 32 हजार से अधिक यात्रियों ने सफर किया, जो अब तक का रैपिड के किसी एक स्टेशन से सर्वाधिक यात्रियों के सफर का एक रिकार्ड है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें