मिशन 2027 की तरफ कांग्रेस, 100 दिनों में मजबूत करेगी संगठन
Lucknow News - कांग्रेस ने लखनऊ में एक कार्यशाला का आयोजन किया, जिसमें 2027 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का संकल्प लिया गया। संगठन सृजन के तहत, अगले 100 दिनों में जिलों में संगठन तैयार किया जाएगा। हर बूथ पर...

- संगठन सृजन के मद्देनजर हुई कार्यशाला, कांग्रेसजनों ने लिया 2027 में यूपी में सरकार बनाने का संकल्प लखनऊ, विशेष संवाददाता। कांग्रेस के यूपी मामलों के प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि संगठन सृजन का उद्देश्य जन जोड़ो, जन संघर्ष, जन विकल्प का संकल्प है। अगले 100 दिनों में जिलों में पांच स्तर पर संगठन तैयार किया जाएगा। मजबूत संगठन से ही 2027 के चुनाव में कांग्रेस मजबूत विकल्प बनेगी। हर बूथ पर दो बूथ लेवल एजेंट तैनात किए जाएंगे, जो मतदाता सूची पर काम करेंगे। हर जिले में कानूनी सलाह शिविर लगेंगे। अविनाश पांडे ने यह बातें शनिवार को गांधी भवन में हुई कार्यशाला में कहीं।
इसमें कांग्रेसजनों ने 2027 में उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प लिया। हर 15 दिनों में जिला व शहर अध्यक्षों के कामों की समीक्षा भी होगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद अब हमारे सामने 2027 जीतने का लक्ष्य है। सभी को इसके लिए एकजुट होना होगा। कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि हम मजबूत संगठन के बूते 2027 में एक नई इबारत लिखेंगे। कार्यशाला में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का वीडियो संदेश सुनाया गया। भारत-पाकिस्तान संघर्ष में शहीद सैनिकों को मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। वॉर रूम बनेगा संगठन-मतदाता संवाद का केंद्र - सेंथिल कांग्रेस के वॉर रूम चेयरमैन और सांसद शशिकांत सेंथिल ने कहा कि वॉर रूम केवल संगठन सृजन और पार्टी गतिविधियों पर निगरानी का साधन नहीं होगा। यह मतदाता और संगठन के बीच संवाद का केंद्र बनेगा। हर जिले में वार रूम बनेगा। 15 दिन में मिलेगा प्रदेश अल्पसंख्यक का अध्यक्ष - इमरान कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन और सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि यूपी के अल्पसंख्यक विभाग को अगले 15 दिनों के भीतर अध्यक्ष मिल जाएगा। 100 दिनों के भीतर विधानसभा स्तर तक अल्पसंख्यक कांग्रेस अपना संगठन खड़ा करेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।