आईआईएएस की डेजिग्नेटेड फेलो सूची में कुशीनगर के डॉ सुबोधकांत
Kushinagar News - कुशीनगर के मठिया माधोपुर निवासी डॉ. सुबोध कांत मिश्र को आईआईएएस शिमला में फेलो सूची में पूरे देश में आठवां स्थान मिला है। यह उपलब्धि बीएचयू और कुशीनगर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने अपने चयन का श्रेय...
कुशीनगर, वरिष्ठ संवाददाता। जनपद के कसया विकासखंड के मठिया माधोपुर निवासी, काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पूर्व शोधार्थी डॉ सुबोध कांत मिश्र को आईआईएएस शिमला के डेजिग्नेटेड फेलो सूची में पूरे देश में आठवां स्थान मिला है। हाल ही में आईआईएएस शिमला ने यह सूची जारी की है, जिसमें देश भर के कुल 17 शोधार्थी शामिल हैं। डॉ सुबोध कांत मिश्र मठिया माधोपुर गांव के सरोजकांत मिश्र के सुपुत्र हैं। एक ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले इस युवा विद्वान की यह उपलब्धि न केवल बीएचयू, बल्कि पूरे कुशीनगर जनपद के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने पूर्व में भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद और भारतीय दार्शनिक अनुसंधान परिषद के तहत भी शोध फेलोशिप प्राप्त की है।
डॉ मिश्र ने अपने इस चयन का श्रेय अपने शोध निर्देशक प्रो शरदिंदु कुमार तिवारी, अपने माता-पिता, परिजनों तथा गुरुजनों को दिया है। वे आगामी दो वर्षों तक शिमला स्थित संस्थान में फेलो के तौर पर शोध करेंगे। आईआईएएस भारत सरकार द्वारा स्थापित एक स्वायत्त और शीर्षस्थ शोध संस्था है, जो मानविकी, सामाजिक विज्ञान, भारतीय संस्कृति, इतिहास और दर्शन जैसे क्षेत्रों में उन्नत शोध के लिए प्रसिद्ध है। यह संस्थान शिमला स्थित पूर्व वाइसरॉय लॉज (वर्तमान राष्ट्रपति निवास) में संचालित है। इसकी स्थापना 1964 में भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की पहल पर हुई थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।