शहरी विकास मंत्री ने 9 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
Deoria News - नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने देवरिया जिले की तीन नगर पंचायतों में 9.93 करोड़ की अठ्ठारह विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने बिजली व्यवस्था को सुदृढ करने के लिए 44 करोड़...

पथरदेवा(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। नगर विकास और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शुक्रवार को जिले की तीन नगर पंचायतों में 9.93 करोड़ की अठ्ठारह विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान पथरदेवा में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार नगर पंचायतों के सर्वांगिण विकास के लिए संकल्पित है। जिले के अपने एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले नगर-शहरी विकास मंत्री श्री शर्मा पथरदेवा के शिवमंदिर मछैला पहुंचे। यहां पर उन्होंने 1.44 करोड़ की लागत से शिवमंदिर, 96 लाख से चार परिषदीय विद्यालयों मछैला, फरेंदहां, भेलीपट्टी व सिधावें का कायाकल्प और 40 लाख से छठ घाट का शिलान्यास किया।
यहां से श्री शर्मा तरकुलवा नगर पंचायत के कनकपुरा गांव पहुंचे। उन्होंने यहां पर 5.31 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान श्री शर्मा ने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के साथ लाइब्रेरी के लिए भूमि पूजन भी किया। वहीं देसही देवरिया के नगर पंचायत हेतिमपुर में 1.82 करोड़ की दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसमें छठ घाट, परास खाड़ तटबंध और पर्यटन विभाग के सौजन्य से बने रामजानकी मठ शामिल हैं। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, बरहज चेयरमैन श्वेता जायसवाल, प्रभाकर राय, श्री निवास मणि, हेमंत पाठक, संजय सिंह और प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष राजेश मिश्र मौजूद थे। 44 करोड़ से बिजली व्यवस्था को किया जाएगा सुदृढ पथरदेवा में जनसभा को संबोधित करते हुए नगर-शहरी विकास मंत्री ने कहा कि वर्तमान सत्र में बिजनेस प्लान के तहत बिजली व्यवस्था को सुदृढ करने के लिए 44 करोड़ रूपए मंजूर किए गए हैं। इससे 33 व 11 केवी लाइनों के जर्जर तारों को बदला जाएगा। विद्युत उपकेंद्रों की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ उनकी क्षमता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में करीब सौ करोड़ रूपए केवल बिजली आपूर्ति के सुधार पर खर्च हुए थे। जिले के 247 मजरो को चिन्हित कर वहां पर बिजली पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। गांव और कस्बों में लोड को देखते हुए ट्रांसफार्मरों का उच्चीकरण किया जा रहा है। पूर्वांचल के विकास के लिए सरकार कर रही है काम नगर-शहरी विकास मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने पूर्वांचल के विकास पर ध्यान नहीं दिया। इसके चलते मऊ, आजमगढ़, बलिया, देवरिया और कुशीनगर जिले विकास में पिछड़ गए। केंद्र और प्रदेश की सरकारें विकास में बाधा उत्पन्न करने वाली खाई को पाटने का कार्य कर रही है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि हर व्यक्ति के सिर पर अपना छत हो। पीएम आवास योजना का दूसरा चरण शुरू हो गया है। उन्होंने अधिकारियों से पात्र लोगों का पोर्टल पर आवेदन कराने को निर्देश दिया। कहा कि हर पात्र व्यक्ति को बिना किसी सिफारिश के आवास मुहैया कराया जाएगा। नए नगर पंचायत बनाने की मांग कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने शहरी विकास मंत्री से बघौचघाट से पकहां और महुआडिहां से बलटिकरा के बीच पड़ने वाले गांवों को मिलाकर नया नगर पंचायत बनाने की मांग की। श्री शाही ने कहा पथरदेवा एक ऐसा विधान सभा था जहां पर एक भी नगर पंचायत नहीं थी। प्रदेश की योगी सरकार ने एक साथ तीन नगर पंचायतों को बनाकर ऐतिहासिक काम किया। अभी तक पथरदेवा में चालीस करोड़, हेतिमपुर में 35 करोड़ और तरकुलवा में 30 करोड़ रूपए विकास के कार्यों में खर्च किए जा चुके हैं। योगी सरकार में प्रदेश में बिजली का उत्पादन 16 हजार मेगावाट से बढ़कर 33 हजार मेगावाट तक पहुंच गया है। जगह-जगह मंत्री का हुआ स्वागत शहरी विकास मंत्री का बघौचघाट में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जिला पंचायत सदस्य सुजीत प्रताप सिंह, पथरदेवा मंडल अध्यक्ष हरीश शाही, ग्राम प्रधान मुरारीमोहन शाही, पथरदेवा में चेयरमैन क्रांति सिंह, अधिशासी अधिकारी रोहित पांडेय, सभासद सुशील पांडेय, तेज प्रताप सिंह, अजय सिंह, ब्रजेश शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष अजय शाही, संजीत धर द्विवेदी, तरकुलवा में चेयरमैन जनार्दन कुशवाहा, संजय सिंह सैंथवार, मनोज भारती, जीवनपति त्रिपाठी, विजय दूबे, दुष्यंत राव और हेतिमपुर में चेयरमैन वीरेंद्र यादव, अधिशासी अधिकारी महेंद्र पांडेय, उमापति सिंह, रणजीत सिंह और विनय कुमार राव ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।