बांके बिहारी मंदिर में दर्शन का समय बदला, श्रद्धालु जान लें नई टाइमिंग
- वृंदावन की बांके बिहारी मंदिर में होली के बाद दर्शन का समय बदल जाएगा। मंदिर प्रबंधन की ओर से परिवर्तित समय सारिणी जारी की गई। वृंदावन आने वाले श्रद्धालु नई टाइमिंग जान लें।

वृंदावन में ठाकुर बांके बिहारी महाराज मंदिर में होली के बाद पड़ने वाली दौज यानी 16 मार्च से नित्य दर्शन और आरती के समय में परिवर्तन हो जाएगा। गुरुवार को मंदिर प्रबंधन की ओर से परिवर्तित समय सारिणी जारी की गई। रविवार से प्रातःकालीन दर्शन 7:45 बजे से होंगे। 7:55 बजे श्रंगार आरती होगी, 11:55 बजे राजभोग आरती के बाद 12 बजे पट बंद हो जायेंगे। सायंकाल 5:30 बजे पट खुलेंगे, 9:25 बजे शयन आरती होगी और 9:30 बजे पट बंद हो जायेंगे।
बांके बिहारी मंदिर में दर्शन समय में बदलाव के साथ ही मंदिर सेवायत उनकी भोगराग सेवा में भी बदलाव किया जाएगा। अब गर्मी में हल्के कपड़ों की पोशाक धारण करवाई जाएगी। भोग में शीतल पदार्थों की मात्रा में वृद्धि कर दी जाएगी। यह टाइमिंग अब दिवाली तक चलेगी।
आज डोल महोत्सव के साथ संपन्न होंगे होली के कार्यक्रम
पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के मंदिर ठाकुर द्वारकाधीश के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि पूर्णमासी से प्रारंभ हुई होली के सभी कार्यक्रम 14 मार्च को डोल महोत्सव के साथ संपन्न होंगे।डोल महोत्सव के लिए मंदिर के समय में परिवर्तन किया गया है। सुबह मंगला, ग्वाल और श्रंगार के दर्शन नियमित होंगे और डोल की पहली झांकी प्रातःकाल 10 बजे से 10:30 बजे होगी। उसके बाद दूसरी झांकी, तीसरी झांकी, चौथी और अंतिम झांकी दोपहर 1:00 बजे से 1:30 बजे तक होगी। उसके बाद सेवा चालू रहेगी और और सांयकाल दर्शन 3:30 बजे से 4:00 बजे तक होंगे। उन्होंने धर्म प्रेमी जनता से डोल महोत्सव के दर्शन करने का अनुरोध किया है।