बारात में बहके बब्बन सिंह को भाजपा ने पार्टी से निकाला, गोद में डांसर से की थी अश्लील हरकतें
महिला डांसर को गोद में बैठाकर अश्लील हरकतें करते हुए कैमरे में कैद हुए बलिया के भाजपा नेता बब्बन सिंह को पार्टी से निकाल दिया गया है। एक दिन पहले ही उनका वीडियो वायरल हुआ था।

महिला डांसर के साथ अश्लील हरकतें करते हुए कैमरे में कैद हुए भाजपा नेता बब्बन सिंह रघुवंशी को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। एक दिन पहले ही उनका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो उन्होंने भाजपा की ही तेज तर्रार नेत्री केतकी सिंह और उनके पति पर साजिश रचने का आरोप लगा दिया था। हालांकि खुले मैदान में तमाम कैमरों में उनकी हरकतें रिकॉर्ड हुईं थीं और कहीं से पार्टी को कोई साजिश नहीं नजर आई। बब्बन सिंह बलिया की चीनी मिल रसड़ा के उप सभापति भी हैं। बब्बन सिंह ने डांसर के साथ यह घिनौनी हरकत बिहार गई एक बारात में की थी।
बब्बन सिंह का अश्लील हरकतें करते हुए वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पूरी भाजपा में हड़कंप मच गया था। बब्बन सिंह का भी वीडियो को लेकर बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि यह वीडियो फर्जी है तथा उनकी छवि खराब करने की साजिश रची गई है। उन्होंने इसके पीछे भाजपा की ही बांसडीह क्षेत्र की विधायक केतकी सिंह और उनके परिवार पर बदनाम करने का आरोप लगाया। कहा कि पिछले दिनों दुर्गीपुर के ग्राम प्रधान की बारात बिहार में गई थी तथा विधायक केतकी के सिंह के परिवार और उनके लोग कार्यक्रम में मौजूद थे। उन्होंने ही मेरा गलत तरीके से वीडियो बनाया है। हम ऐसा काम नहीं कर सकते। हमारी उम्र हो गई। आज तक ऐसा नहीं हुआ है। बब्बन सिंह 1993 में भाजपा के टिकट पर बांसडीह विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं।
बलिया भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र ने भी बृहस्पतिवार को 'पीटीआई-भाषा' से कहा है कि पार्टी ने इस मामले को गंभीरता से लिया है तथा कार्रवाई जल्द की जायेगी। माना जा रहा है कि उनकी रिपोर्ट के बाद बब्बन सिंह को पार्टी से निष्कासित करने की कार्रवाई की गई। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्र ने कहा कि उन्होंने पूरे प्रकरण की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दे दी है।