रानी रामपाल को उम्मीद, IPL की तरह भविष्य के सितारों को तैयार करेगी महिला हॉकी इंडिया लीग
- हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल का मानना है कि महिला हॉकी इंडिया लीग (डब्ल्यूएचआईएल) खेल पर वैसा ही प्रभाव डाल सकती है जैसा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ने क्रिकेट पर डाला है।

भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल ने महिला हॉकी इंडिया लीग (WHIL) की तारीफ की है। उनका दावा है कि इस लीग से भारतीय महिला हॉकी टीम की हालत सुधरेगी। रानी रामपाल का मानना है कि ये लीग खेल पर वैसा ही प्रभाव डाल सकती है, जैसा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) ने क्रिकेट पर डाला है। रांची में 12 से 26 जनवरी तक होने वाले पहले डब्ल्यूएचआईएल में चार टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें दिल्ली एसजी पाइपर्स, ओडिशा वॉरियर्स, श्राची रारह बंगाल टाइगर्स और सूरमा हॉकी क्लब का नाम शामिल है।
सूरमा क्लब की मेंटर और कोच रानी रामपाल ने साइ (भारतीय खेल प्राधिकरण) मीडिया से कहा, ‘‘इस बार केवल चार टीमें हो सकती हैं, लेकिन लीग शुरू होने में काफी समय लग गया है। इसके लिए हॉकी इंडिया की सराहना की जानी चाहिए।" भारत की महिला हॉकी टीम की लंबे समय तक कप्तान रहीं रानी रामपाल ने आगे कहा, "पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो और पेरिस में ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीते। इसकी नींव वर्षों पहले पुरुष हॉकी इंडिया लीग ने रख दी थी।’’ हॉकी इंडिया लीग अब समय के साथ रोमांचक होती जा रही है। दर्शक भी इस लीग के लिए स्टेडियम पहुंचने लगे हैं।
उन्होंने वुमेंस हॉकी इंडिया लीग को लेकर कहा, ‘‘अब महिला एचआईएल की शुरुआत के लिए धन्यवाद। इससे 2032 और 2036 ओलंपिक में बहुत सारी प्रतिभाशाली युवा महिला खिलाड़ियों को अपना कौशल दिखाने का मौका मिलेगा। यह मंच बेहद उपयोगी साबित होगा।’’ इस संदर्भ में महिला क्रिकेट का उदाहरण देते हुए रानी बोलीं, ‘‘महिला क्रिकेट के बारे में कोई भी ज्यादा नहीं जानता था, लेकिन अब आप देख रहे हैं कि यह खेल देश में इतना लोकप्रिय कैसे हो गया है। महिला आईपीएल (डब्ल्यूपीएल) से लोगों को इसके बारे में पता चला और उन्होंने इसका अनुसरण करना शुरू कर दिया।’’
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।