मोनाको देश भूमध्य सागर के उत्तरी तट पर स्थित है। यूरोप में मौजूद इस देश की सीमा फ्रांस से मिलती है। इस छोटे से देश की आबादी महज 38,960 है जो इसे दुनिया के सबसे कम आबादी वाले देशों में से एक बनाती है। हालांकि दिलचस्प बात ये है कि यहां प्रति वर्ग किलोमीटर में 19,083.37 लोग रहते हैं और इसीलिए यह दुनिया की सबसे घनी आबादी वाला देश है।
सिंगापुर दक्षिण-पूर्व एशिया में स्थित एक छोटा देश है। इसका अधिकांश क्षेत्र मलेशिया के तट के पास एक छोटे से द्वीप से बना है। सिंगापुर में करीब 5.9 मिलियन लोग रहते हैं और देश का जनसंख्या घनत्व 7,953 व्यक्ति प्रति वर्ग किमी है। यह दुनिया के सबसे महंगे देशों में से एक भी है।
बहरीन सऊदी अरब के पूर्वी तट से दूर फारस की खाड़ी में एक छोटा सा द्वीप है। देश में 1.7 मिलियन से अधिक लोग रहते हैं जिनका जनसंख्या घनत्व 2012.1 व्यक्ति प्रति वर्ग किमी है। बहरीन की सबसे घनी आबादी वाला इलाका राजधानी मनामा है।
मालदीव देश कई छोटे बड़े द्वीपों से मिलकर बना है। इसकी आबादी महज 542 हजार है लेकिन यह बेहद घनी आबादी वाला देश है। इसका जनसंख्या घनत्व 1,718.99 व्यक्ति प्रति वर्ग किमी है। मालदीव का सबसे बड़ा शहर इसकी राजधानी माले है।
माल्टा भूमध्य सागर में एक छोटा सा द्वीप देश है। इसकी आबादी लगभग 442 हजार है। यहां प्रति वर्ग किमी में 1,514.47 लोग रहते हैं। माल्टा का सबसे बड़ा शहर बिर्किरकारा है।
भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश को आमतौर पर सबसे घनी आबादी वाले देशों में से एक माना जाता है। देश की आबादी लगभग 16 करोड़ है और इसका जनसंख्या घनत्व 1239.58 व्यक्ति प्रति वर्ग किलोमीटर है। बांग्लादेश का सबसे बड़ा शहर इसकी राजधानी ढाका है जिसमें 1 करोड़ से ज्यादा लोग रहते हैं।
वेस्ट बैंक और गाजा पट्टी जिसे संयुक्त राष्ट्र फिलिस्तीन राज्य के रूप में मान्यता देता है, की मौजूदा आबादी लगभग 50 लाख है। पिछले डेढ़ सालों से जंग की मार झेलते गाजा में दो क्षेत्रों का जनसंख्या घनत्व 759 प्रति वर्ग किमी है। हालांकि इजरायल और हमास के बीच चल रहे जंग के बीच गाजा की 90 फीसदी आबादी विस्थापित हो गई थी।