अगर आप खुद को भोलेबाबा का भक्त मानते हैं और इस महाशिवरात्रि उन्हें प्रसन्न करने के साथ पर्व को खास बनाने के लिए घर से लेकर मंदिर तक की आकर्षक सजावट करने की सोच रहे हैं तो ये होम डेकोर टिप्स आपके काम आ सकते हैं। बता दें, इस साल 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का व्रत रखा जाएगा। भोलेबाबा के भक्त इस दिन उनका पसंदीदा भोग बनाने से लेकर मंदिर की सजावट तक बेहद उत्साह के साथ करते हैं। आइए जानते हैं महाशिवरात्रि पर क्या होम डेकोर टिप्स अपनाकर आप अपने घर को सजा सकते हैं।
बेलपत्र भगवान शिव को बहुत प्रिय माना जाता हैं। इसके अलावा अपने घर को सकारात्मक ऊर्जा से भरने का भी यह एक पारंपरिक शुभ तरीका माना गया है। आप शिवलिंग पर चढ़ाने से लेकर अपने घर के मुख्य दरवाजे पर तोरण लगाने तक के लिए बेल पत्र का यूज कर सकते हैं। यह ना देखने में बेहद खूबसूरत लगेगा बल्कि आपके घर को पॉजिटिविटी से भी भर देगा।
महाशिवरात्रि के दिन आप शिवलिंग से लेकर भोले बाबा की आकृति वाली रंगोली का डिजाइन घर के आंगन में बनाकर सजा सकते हैं। इस दिन रंगोली में डमरू, त्रिशूल, ओम जैसे प्रतीक वाली रंगोली बनाना सबसे उचित रहेगा, क्योंकि महाशिवरात्रि भगवान शिव का प्रतीक हैं।
महाशिवरात्रि के दिन आप भोलेबाबा को प्रसन्न करने के लिए तैयार की जाने वाली पूजा की थाली को भी खूबसूरत तरीके से सजा सकते हैं। इसके लिए आप थाली के चारों ओर लाल रंग का रिबन या गोटे का यूज करते हुए सितारे लगाएं। इसके बाद पूजा के लिए जरूरी सभी चीजें जैसे फूल, बेलपत्र, धतुरा, फल, मिठाई, धूप, दीपक उसमें रखना ना भूलें।
अगर आप आंगन से लेकर घर के मुख्य द्वार तक को आकर्षक तरीके से सजाना चाहते हैं तो बेलपत्र, फूलों और आम के पत्तों का यूज खूबसूरत तोरण बनाकर कर सकते हैं। ये ना सिर्फ आपके घर की खूबसूरती में चार चांद लगाएंगे बल्कि आपके त्योहार को भी खास बना देंगे।
भोलेबाबा को भोग लगाने के लिए महाशिवरात्रि के दिन आप मखाने की खीर का प्रसाद भी बना सकते हैं। मखाने की खीर ना सिर्फ जल्दी बनकर तैयार हो जाती है बल्कि सेहत के लिए बेहद फायदेमंद भी मानी जाती है। तो महाशिवरात्रि पर अपनी पूजा की थाली को पूरा करने के लिए उसमें मखाने की खीर का भोग भी साथ बनाकर जरूर रखें।
महाशिवरात्रि पर पूजा घर की सजावट के लिए आप फूलों और दीपक का यूज कर सकते हैं। इसके लिए आप अलग-अलग तरह के फूलों की माला बनाकर पूजा घर की सजावट कर सकते हैं। ऐसा करते समय आप भगवान शिव के पसंदीदा फूलों की जानकारी जरूर रखें। आप भगवान शिव की पसंदीदा चीजें जैसे बेल के फूल, शमी के फूल, कनेर के फूल सजावट में इस्तेमाल कर सकते हैं।