Notification Icon
Hindi Newsएनसीआर न्यूज़Who was threatning atlas cyle former president salil kapoor fir against 4 people

एटलस साइकिल के पूर्व अध्यक्ष सलिल कपूर को कौन दे रहा था धमकी, चार लोगों के खिलाफ FIR

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सलिल कपूर की पत्नी और तीन बच्चे- दो बेटे और एक बेटी-अलग रह रहे हैं। अलग होने के बाद सलिल कपूर की पत्नी दुबई में रह रही हैं।

Aditi Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 5 Sep 2024 02:09 AM
share Share

दिल्ली के तुगलक रोड में डॉ. एपीजे कलाम लेन स्थित कोठी में मंगलवार दोपहर एटलस साइकिल के पूर्व अध्यक्ष सलिल कपूर ने गोली मारकर खुदकुशी कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज किया।

पुलिस अब उन चार लेनदारों को जांच में शामिल करने के लिए तलब करेगी, जिनके नाम सलिल ने सुसाइड नोट में लिखा था। वहीं, बुधवार को तीन डॉक्टरों का एक बोर्ड बनाकर पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा। सुसाइड नोट में सलिल ने लिखा था कि वह आर्थिक दबाव से जूझ रहे हैं और ये चारों उनपर दबाव बना रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने अब तक इनके नामों का खुलासा नहीं किया है। सूत्रों की मानें तो ये सभी लोग हरियाणा के बताए जा रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि एक पन्ने के सुसाइड नोट में कपूर ने अंग्रेजी में लिखा है कि वह खुद को गोली मारकर अपनी जान ले रहा है। उन्होंने चार लोगों से कर्ज लिया था और उसे चुकाने के लिए आरोपी धमकियां देते थे।

एक अधिकारी के अनुसार, सुसाइड नोट में जिन चार लोगों का नाम है, उनके खिलाफ तुगलक रोड पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

अलग रहते हैं पत्नी बच्चे

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सलिल कपूर की पत्नी और तीन बच्चे- दो बेटे और एक बेटी-अलग रह रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि अलग होने के बाद सलिल कपूर की पत्नी दुबई में रह रही हैं।

कपूर को 2015 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने नौ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया था। साल 2014 में दक्षिणी दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी थाने में उनके खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे, जिनकी जांच भी ईओडब्ल्यू ने की थी। अधिकारी ने बताया कि एक मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि पूंजीगत लाभ बॉन्ड के बहाने कपूर ने उसके साथ धोखाधड़ी की।

भाषा से इनपुट

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें