जामिया में कश्मीरी छात्रा से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली में जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में एक कश्मीरी छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपी, जो विश्वविद्यालय में रसोईया है, ने छात्रा को जबरन रोका और बदसलूकी की।...

नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। जामिया मिलिया इस्लामिया में 27 अप्रैल की देर रात करीब 9.30 बजे कश्मीरी मूल की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट करने का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित धारा में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी जामिया में ही रसोईया का काम करता है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 24 वर्षीय छात्रा मूलत: कश्मीर की रहने वाली है और ओखला में रहती है। वहीं, 22 वर्षीय आरोपी आबिद नूहं का रहने वाला है। आबिद जामिया विश्वविद्यालय की मेस में काम करता है। रविवार देर रात जामिया नगर थाना पुलिस को विश्वविद्यालय के गेट नम्बर-8 पर छात्रा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की सूचना मिली थी। सोमवार सुबह छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने घर जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे जबरन रोक लिया। आरोपी बदसलूकी करने लगा। पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे गलत तरीके से छुआ। इसके बाद पीड़िता ने शोर मचा दिया। जब वारदात को अंजाम दिया गया, उस समय वहां सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। छात्रा ने विश्वविद्यलाय प्रशासन को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।